कवर्धा/कोरबा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिला में रविवार को हादसा में कई यात्री घायल हो गए। कोरबा से कवर्धा जा रही यात्री बस किशुनगढ़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। इस दुर्घटना में करीब बस में सवार करीब 12 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक कोरबा से कवर्धा के बीच चलने वाली यात्री बस रोज की तरह आज कोरबा से रवाना हुई थी। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। बस पंडरिया थाना क्षेत्र के ग्राम किशुनगढ़ के पास पहुंची थी कि एकाएक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गयी। इस हादसे के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गयी।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को पंडरिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां प्रारंभिक इलाज के बाद 6 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को कवर्धा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया । फिलहाल पुलिस ने इस दुर्घटना में प्राथमिकी दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और बस चालक से पूछताछ की जा रही है।





