0 प्राचार्या के हवाले से सहायक आयुक्त ने दी जानकारी
कोरबा। जिले के सीमांत पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के एक सरकारी हॉस्टल की 5 छात्राओं द्वारा फिनाइल पी लेने के मामले में प्राचार्या के हवाले से बताया गया कि ऐसा नहीं हुआ था।
पोड़ी बीईओ कार्यालय के सामने स्थित एकलव्य हॉस्टल (छात्रावास) में 25 मार्च कोएक ही कक्षा की 5 छात्राओं द्वारा आपसी विवाद के बाद फिनाईल का सेवन कर लिया गया था। आनन-फानन में छात्राओं को स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया। सभी छात्राएं पूर्ण स्वस्थ हैं।
इस मामले में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्रीकांत कसेर से जानकारी चाहने पर उन्होंने छात्रावास की प्राचार्य के हवाले से प्राप्त जानकारी के आधार पर बताया कि फिनाइल पीने जैसी कोई बात नहीं हुई है। बच्चे एक-दूसरे से मोबाइल के नाम पर झगड़ा करने के बाद कुछ पी लिए हैं, ऐसा बताया गया था। किसी अनहोनी की आशंका पर एहतियातन सावधानी बरतते हुए इनको अस्पताल ले जाया गया था जहां से प्राथमिक उपचार बाद छुट्टी दे दी गई। यदि बच्चे फिनाइल पी लिए होते तो घटना बड़ी हो सकती थी।
श्रीकांत कसेर ने बताया कि उनके द्वारा आदिवासी विकास विभाग के सभी छात्रावासों/ आश्रमों में अध्यनरत विद्यार्थियों की सुरक्षा और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सख्त हिदायत दी गई है। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





