कोरबा, कोरबी-चोटिया। कोरबा जिले के अंतर्गत एवं पोड़ी उपरोड़ा ब्लाक के ग्राम पंचायत चोटिया सरपंच प्रतिनिधि राय सिंह बिंझवार के नेतृत्व में गौ माता की सेवा नि:स्वार्थ भाव से करने, सैकड़ो लावारिस मवेशियों को चारा, पानी और उनके रहवास की सुविधा गौठान ,श्रमदान से तैयार कर सराहनीय व अनुकरणीय कार्य किया गया है।
चोटिया सरपंच श्रीमती प्यारो बाई बिंझवार ने हमारे समाचार सहयोगी को बताया कि आये दिन कटघोरा- अंबिकापुर एनएच मार्ग 130 एवं स्टेट हाईवे चिरमिरी-चोटिया मार्ग में पिछले एक सप्ताह के भीतर लगभग 22 मवेशियों की सड़क दुर्घटना में जान जा चुकी है, और सड़क दिनों दिन खून से लाल हो रही है।
इन घटनाओं को रोकने व गौ माता की अकाल मृत्यु से निपटने के लिए सरपंच प्रतिनिधि राय सिंह बिंझवार ने 5 जुलाई को बैठक बुलाई और पूरे गांव के महिला एवं पुरूषों ने नि:स्वार्थ भाव के साथ एक जुट होकर सैकड़ो की तादात में मार्ग पर बैठे लावारिस मवेशियों को उनके निश्चित सुरक्षित स्थान पर रखने का निर्णय लिया। सरपंच श्रीमती प्यारो बाई बिंझवार, की उपस्थिति में राधे कृष्णा गौ सेवा समिति (नवापारा) चोटिया के नाम एक समिति का गठन कर उसमें सर्व सम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया जिसमें अध्यक्ष – विश्राम सिंह, उपाध्यक्ष समेलाल, शिवसिंह, सचिव महेश दास, कोषाध्यक्ष घुरसाय,सह. सचिव मंतराम बिंझवार, सहित उप कोषाध्यक्ष सुमेर सिंह के अलावा 19 लोगों को सदस्य के रूप में चुना गया है और उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह भी बताया कि शासन के आदेशानुसार चोटिया में शीघ्र ही छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग अधिनियम 2004 के तहत संस्था के रजिस्ट्रीकरण हेतु आवेदन देने की कार्रवाई की जा रही है और छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग को इस संबंध में शुल्क प्रदान कर रसीद प्राप्त कर ली गई है।
इस कार्य में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने वाले श्याम दास, देवसाय, ईश्वर दयाल, बुद्धेश्वर सिंह, आनन्द राम, बुधवार सिंह, अमृतलाल, प्रकाश दास के अलावा अन्य ग्रामीणजनो ने निस्वार्थ भाव से अपना श्रमदान कर सहयोग देने का निर्णय लिया है।






