कोरबा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, जिला कोरबा के जिला सचिव कॉमरेड पवन कुमार वर्मा ने आज प्रेस बयान जारी कर कटघोरा में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा निर्माण में हुई अनियमितताओं और मानस नगर में जलभराव की समस्या पर कड़ी आपत्ति जताई।
कॉमरेड वर्मा ने कहा कि कटघोरा में अटल जी की कांस्य प्रतिमा के स्थान पर सीमेंट की प्रतिमा लगाकर उस पर रंग कर दिए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में एक सब-इंजीनियर को निलंबित किया गया है, लेकिन यह खानापूर्ति है। सीपीआई मांग करती है कि पूरे छत्तीसगढ़ में बनी सभी अटल प्रतिमाओं की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो।
👉🏻मानस नगर: 3 साल से डूब रहा है, प्रशासन मौन है
वार्ड क्रमांक 19, मानस नगर में पिछले 3 वर्षों से बारिश का पानी दर्जनों घरों में भर रहा है। मुख्य मार्ग पर पुलिया निर्माण के बाद से स्थिति और बदतर हुई है। पानी टंकी के पास स्थित इस बस्ती में लोग पिछले 20 वर्षों से रह रहे हैं। लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के कारण अनाज, इलेक्ट्रॉनिक सामान और फर्नीचर बर्बाद हो चुके हैं। कई परिवार अपना घर छोड़कर किराए पर रहने को मजबूर हैं।
👉🏻2 साल से शिकायत, नतीजा जीरो
स्थानीय निवासियों ने पिछले 2 वर्षों में विधायक, कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त, सुशासन तिहार और मुख्यमंत्री टोल फ्री नंबर 1076 पर लगातार शिकायतें कीं।14 जुलाई 2026 को सीपीआई ने भी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जनता त्रस्त है और सत्ता में बैठे लोग मूक दर्शक बने हुए हैं।
सीपीआई की 4 प्रमुख मांगें:
- त्काल प्रभाव से वार्ड क्रमांक 19, मानस नगर में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए।
- पीड़ित परिवारों के हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा एवं क्षतिपूर्ति दी जाए।
- दोषी ठेकेदार एवं अधिकारियों की उच्चस्तरीय जांच कराकर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
- प्रदेश भर में स्थापित सभी अटल प्रतिमाओं की गुणवत्ता एवं निर्माण की जांच कराई जाए।
सीपीआई चेतावनी देती है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो पार्टी जनता के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।







