कोरबा। मोबाइल टावरों से चोरी की बढ़ती वारदातों के बीच सीतामणी में स्थानीय लोगों ने दो संदिग्धों को पकड़कर कोतवाली पुलिस के हवाले किया। ये युवक मोबाइल टावर से दिन दहाड़े केबल चोरी कर रहे थे। दोनों नशा के आगोश में समाए हुए थे। इससे तय है कि वैध-अवैध नशा के कारण नशेड़ियों की बढ़ती संख्या अपराध भी बढ़ा रही है।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल टावरों को लगातार निशाना बनाए जाने के बीच रविवार को सीतामणी स्टेशन मार्ग स्थित राम मंदिर परिसर में लगे मोबाइल टावर से चोरी का प्रयास कर रहे दो संदिग्धों को स्थानीय लोगों ने पकड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक दिनदहाड़े टावर की केबल काट रहे थे। लोगों को संदेह होने पर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। इस दौरान केबल कटने से लोगों के मोबाइल से टावर गुल हो गया जिससे परेशान भीड़ ने चोरों पर अपना गुस्सा उतारा। इसके साथ ही कोतवाली पुलिस को सूचना देकर दोनों को सौंप दिया गया। बताया जा रहा है कि इन्होंने ग्राम रेकी हरदीबाजार में भी एक साइट से चोरी की है।
टावर में कार्यरत कर्मचारियों का दावा है कि पिछले तीन महीनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 33 से अधिक मोबाइल टावरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं और यह वारदातें एक संगठित गिरोह द्वारा की जा रही हैं। हालांकि, इस दावे की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पकड़े गए दोनों युवक एकलाख खान और लक्की नशे की हालत में थे।

उनके पास से गांजा, चिलम और नशीले इंजेक्शन (एम्पुल) जैसी सामग्री भी मिलने की बात कही जा रही है। इन दावों की भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या उनका संबंध जिले में हुई अन्य मोबाइल टावर चोरी की घटनाओं से है, उनके गिरोह में और कौन-कौन शामिल है,या वे किसी गिरोह के सदस्य हैं? चोरी का सामान किसके पास बेचते थे?मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर कोतवाली पुलिस द्वारा की जाएगी।







