👉🏻 कनकी पंचायत से हटाने की मांग व आरोप पर कायम
कोरबा। सुशासन तिहार 2026 के तहत जनसमस्या निवारण शिविर 04 मई 2026 को करतला ब्लाक के ग्राम पंचायत कनकी में आयोजित हुआ। इस शिविर में ग्राम पंचायत कनकी के सचिव लक्ष्मीनारायण राजपूत के विरुद्ध ग्रामीणों द्वारा शिकायत किया गया।
10 वर्षों से एक ही पंचायत में जमे सचिव लक्ष्मीनारायण राजपूत के विरुद्ध शिकायत पर जांच का निर्देश जारी किया गया। इसके तहत जांच दल में शामिल जनपद पंचायत करतला से उदय सिंह कंवर (करारोपण अधिकारी) आलोक कुमार गुप्ता व राजकुमार कंवर (सहायक विकास विस्तार अधिकारी) गुरुवार 14 मई को ग्राम पंचायत कनकी पहुंचे। इनके द्वारा शिकायतकर्ता ग्रामीणों का बयान दर्ज किया गया। इस दौरान सचिव लक्ष्मी नारायण राजपूत भी वहां मौजूद था। वह जांच दल के समक्ष भी नशा की हालत में पहुंचा था। जांच दल के समक्ष ग्रामीण अपनी शिकायत पर कायम रहे कि सचिव नशा की हालत में ही ग्राम सभा में पहुंच जाते हैं। नियमित तौर पर ग्रामसभा नहीं करते, पंचों की बैठक समय पर नहीं ली जाती है। पंचायत का हिसाब-किताब मेंटेन करके नहीं रखा जाता है और जानकारी मांगने पर जानकारी भी नहीं देते। विकास के लिए आने वाली राशि का दुरुपयोग भी किया जाता है। ग्रामीणों ने सचिव को हटाने की मांग रखी।
फिलहाल, मामले में जांच तो शुरू हो गई है। अब देखना है कि सचिव को कब तक यहां से हटाया जाएगा और किस सचिव की पदस्थापना की जाएगी….?






