0 संत समागम समारोह का हो रहा है आयोजन
कोरबा। कबीर धर्म नगर गेवरा में प्रति वर्षानुसार इस वर्ष भी सतगुरु कबीर मानिकदास बंशावली महंत मिट्टू दास महंत कबीर व वियोगी नितेश्वर साहेब वियोगी परमेश्वर साहेब के सान्निध्य में संत समागम समारोह का आयोजन 10 से 15 दिसम्बर तक किया जा रहा है।
अगहन शुक्ल दसवीं तिथि 10 दिसम्बर से तेरस तिथि 13 दिसम्बर तक भजन-कीर्तन सत्संग प्रवचन ग्रन्थवाणी वचन भजन मंडलियां एवं विद्वत जन द्वारा प्रस्तुत किया जाता रहा। अगली कड़ी में आज अगहन शुक्ल चौदस 14 दिसम्बर को सात्विक यज्ञ चौका आरती सम्पन्न होगी एवं कल 15 दिसम्बर को चलावा चौका आरती के साथ समारोह का समापन होगा।
संत समागम के अवसर पर महंत मिट्ठू दास कहते हैं कि – कबीर पंथ का सुरति योग से आत्म दर्शन होता है। साधना की सद्भावना से प्रभु राम जन-जन में दिखाई देते हैं। शक्ति की सदभक्ति में सतगुरु का वास है, वहां आत्मा परमात्मा का मिलन बिन्दु है। उससे सरल सादगी सहज सुभाव जीवन मिलता है। वह मानवता का विश्राम गृह है जहां सत्य अहिंसा शांति है। उसके त्याग समर्पण से जन कल्याण होता है। आत्म ज्ञान के अनुभव करने से सतगुरु कबीर सिरजन हार का दर्शन होता है। उनके प्राण प्रतिष्ठा से सब घट में सोहम् शब्द बोल रहा है सत्य प्रेम संसार है। उस अमूल्य जीवन को भौतिकी सुख साधन प्रदूषण कर रहा है और भावी संसार को क्षति पहुँचा रहा है। उससे मुक्ति पाने के लिए सतगुरु कबीर साहेब का सत्य उपदेश अमृत वचन को हृदय से पालन करना अति आवश्यक हो गया है। इस परम लक्ष्य की प्राप्ति हेतु प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी संत समागम समारोह का आयोजन निश्चित किया गया है। समारोह में जिले भर से बड़ी संख्या में संत कबीर के अनुयायी शामिल होने पहुंच रहे हैं।