0पंखा की गति धीमी और कूलर के पंप में पानी चढ़ना हुआ मुश्किल
0 ऊर्जा नगरी के ग्रामीण सुचारू बिजली पाने के लिए मोहताज
कोरबा- बरपाली। दिया तले अंधेरा की कहावत को सच साबित करता कोरबा जिले का विद्युत विभाग, जहाँ से उत्पादित होकर बजली पूरे प्रदेश के साथ साथ अन्य प्रदेशों में भी भेजी जाती है लेकिन कोरबा के लोग ही सुचारू बिजली पाने के लिए मोहताज हो रहे हैं । बरपाली ग्राम पंचायत में इस समय पटवारी कार्यालय के पास से सिचाई कालोनी होते हुए पहरी पारा तक के लिए सिर्फ एक ट्रांसफॉर्मर लगाया गया है जिसके कारण ट्रांसफॉर्मर में लोड अधिक होने से वोल्टेज बहुत कम हो जाता है। बरपाली सिंचाई कॉलोनी में इस भीषण गर्मी में पंद्रह दिन से लो वोल्टेज की समस्या गहरा गई है। 130 वोल्ट बिजली तक मिल पा रही है और शाम को केवल 90 वोल्ट में ही गुजारा करना पड़ रहा है क्योंकि यहाँ पर 63 केवीए ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ है जिसे कॉलोनी के पास 100 केवीए का एक ट्रांसफॉर्मर और लगा देने से सारी समस्या का समाधान हो जाएगा लेकिन विद्युत वितरण विभाग इस ओर ध्यान नही दे रहा है।
इस भीषण गर्मी के मौसम में बरपाली गांव में इस समय लो वोल्टेज से लोग इतने परेशान हैं कि उनके मोटर, पंप, कूलर, पंखा कुछ ठीक से नहीं चल पा रहा है। वोल्टेज इतना डाउन हो जाता है कि कूलर का पंप पानी नहीं चढ़ा पा रहा है। इस भीषण गर्मी में लोग भारी परेशान हैं, खासकर बच्चे और बुजुर्ग। पिछले वर्ष भी इसी परेशानी से लोग परेशान थे तब विभाग द्वारा कुछ जगहों का केबल चेंज किया गया था और इस वर्ष भी बरपाली के सिचाई कालोनी व पहरी पारा वाले के लिए लगभग एक किलोमीटर तक केवल एक ट्रान्सफर लगा हुआ है और केबल भी ठीक नहीं है जिसके कारण वोल्टेज भारी कम हो गया है।
ऐसे में इसकी जानकारी बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता के साथ साथ ए.ई. एवं डी.ई. सभी को पिछले 15 दिनों से है लेकिन आज तक बरपाली गांव की इस समस्या का निदान विद्युत विभाग द्वारा नहीं किया गया जिससे लोगों में काफी आक्रोश है। इनका कहना है कि आगामी दिनों में जल्द से जल्द इस लो वोल्टेज की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरपाली बिजली ऑफिस का घेराव किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बरपाली कनिष्ठ अभियंता की होगी।








