कोरबा। जिले के सर्वमंगला चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनपुरी से शनिवार की रात लगभग 10 बजे कोरबा अस्पताल जाने निकला युवक अस्पताल नहीं पहुंचा,परिजन कई स्थानों पर ढूंढ-ढूंढ कर थक गए, जिसके बाद उन्होंने सर्वमंगला चौकी में इसकी सूचना दी। इसके बाद देर शाम खदान के मुहाने पर एक शव मिला जिसकी पहचान उक्त लापता के रूप में हुई।
दरअसल, हरदीबाजार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोईदा का निवासी चंद्रशेखर मरार पिता गंगा राम मरार, 32 वर्ष कुसमुंडा परियोजना के नीलकंठ कंपनी में ठेका मजदूर था। वह अपनी गर्भवती पत्नी के प्रसव हेतु कोरबा के एक अस्पताल आया था,जहां बच्चा होने के उपरांत वह घूमने के लिए सर्वमंगला चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनपुरी गया था। सोनपुरी में उसके साथी ठेका कर्मी निवास करते हैं। उनसे मिलने के बाद वह रात करीब 10 बजे कोरबा के अस्पताल जाने निकला परंतु वह ना अस्पताल पहुंचा और ना ही अपने घर। उसका मोबाइल भी बंद बता रहा था। आसपास अपने परिचितों में काफी ढूंढने के बाद सर्वमंगला पुलिस को सूचना दी गई। वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से भी लापता युवक की पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान रविवार की देर शाम ठेका कर्मी का शव सड़क किनारे खदान के मुहाने पर दिखाई दिया। सूचना पुलिस को दी गई,पुलिस मौके पर पहुंची। इधर क्षेत्र के ग्रामीण भी एकजुट हो गए।
👉🏻 रात भर नाली नुमा गड्ढे में पड़ा रहा
बताया जा रहा है कि ठेका कर्मी बच्चा होने की खुशी में अपने साथियों से मिलने जटराज आया हुआ था, मिलने के कुछ घंटों के बाद वह अपनी बाइक से कोरबा अस्पताल लौट रहा था इसी दौरान जोड़ा पुल से पहले मोड़ के पास उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क किनारे लगभग 5 से 7 फीट ऊंचे टीले को ऊपर चढ़कर नीचे नाली में जा गिरा, चूंकि रात का समय था, अगले लगभग 18 घंटे तक वह उसी घायल अवस्था में नाली में पड़ा रहा। शायद समय रहते घटना की जानकारी मिल जाती तो उसकी जान बच सकती थी।
👉🏻 सड़क पर मिट्टी का ऊंचा ढेर
बता दें कि जिस स्थान पर यह घटना हुई वह खदान से लगा हुआ है। खदान में मवेशी अथवा अनाधिकृत प्रवेश रोकने सड़क किनारे बड़ी नाली नुमा गड्ढे की खुदाई की गई है। खुदाई के दौरान निकली मिट्टी सड़क किनारे डाली गई है, जिसकी ऊंचाई लगभग 5 से 8 फीट है। इसके कारण बाइक चालक ठेकाकर्मी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर मिट्टी के टीले को पार कर खदान के मुहाने नाली में जा गिरा।
👉🏻 आर्थिक सहायता और पेंशन
इधर, घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने मुआवजा की मांग को लेकर ठेका कंपनी का काम रुकवा दिया,देर रात 5 लाख नगद और पत्नी को पेंशन देने पर सहमति बनी।
KORBA:लापता ठेका कर्मी का शव गड्ढे में मिला,पुत्र के जन्म की खुशी मातम में बदली




