0 पिकनिक व दर्शनीय स्थल भी रहे गुलजार
कोरबा। नव वर्ष 2026 का शुभारंभ के अवसर पर आज सुबह से तमाम धर्मस्थलों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। देर शाम-रात तक दर्शन का सिलसिला चलता रहा। अलसुबह से मंदिरों के पट खोल दिए गए थे। लोगों ने अपने-अपने धर्मस्थलों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हुए ईश्वर से साल भर शुभ रहने की कामना की। शहर व जिले के प्रमुख देवी मंदिरों सहित तमाम देवालयों में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ा रहा। मड़वारानी, माँ सर्वमंगला के दरबार में भक्तों का रेला उमड़ता रहा वहीं प्रमुख अन्य देवालयों में भी श्रद्धालुओं ने अपने परिजनों के साथ पहुंचकर पूजा अर्चना करते हुए ईश्वर से कामना की।
मंदिरों के अलावा गुरुद्वारों, मस्जिदों,गिरजाघरों में भी धर्मप्राण लोगों ने पहुंचकर अपने-अपने विधि- विधान से आराधना करते हुए कामना की।

नव वर्ष के अवसर पर जिले के देवपहरी,सतरेंगा,बुका सहित तमाम दर्शनीय और पिकनिक स्थलों पर भी अपने-अपने परिजनों और मित्रजनों के साथ लोगों ने वनभोज का आनंद लेते हुए नए साल का स्वागत किया।





