कोरबा। कोरबा जिले में हाथी के कारण एक मंडी प्रभारी की जान चली गई। इस घटनाक्रम में उसकी पत्नी और उपार्जन केंद्र में मौजूद दो से तीन कर्मचारी बाल-बाल बचे।
घटना ग्राम वनांचल हाथी प्रभावित ग्राम कुदमुरा की है जहां दरम्यानी रात लगभग 2 बजे भगदड़ मची रही। एक दंतैल हाथी ने अपना कहर बरपाया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आदिवासी सेवा सहकारी समिति कोरकोमा का धान उपार्जन केंद्र ग्राम कुदमुरा में भी है। यहां किसानों से खरीदे गए धान की बड़ी मात्रा उठाव के अभाव में उपार्जन केंद्र में पड़ी हुई है। यह हाथी प्रभावित इलाका है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से धान की चोरी हो रही थी, होली का त्यौहार भी था। आदिवासी सेवा सहकारी समिति, कोरकोमा के सेल्समेन राजेश कुमार सिंह निवासी प्रेम नगर रजगामार को धान उपार्जन केंद्र का मंडी प्रभारी नियुक्त किया गया था, इसलिए धान की सुरक्षा की जिम्मेदारी का निर्वहन करने के लिए राजेश कुमार अपनी पत्नी व 2-3 अन्य कर्मचारियों के साथ उपार्जन केंद्र कुदमुरा में अस्थाई झोपड़ी बनाकर रात रुक रहा था। मंगलवार-बुधवार की रात करीब 2 बजे हाथी की धमक उपार्जन केंद्र में हुई जिसे टॉर्च की रोशनी व शोर के सहारे भगाने की कोशिश के दौरान हाथी ने राजेश कुमार को अपनी चपेट में ले लिया और राजेश की जान चली गई। इस दौरान उपार्जन केंद्र में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित रहा।

इधर-उधर भागते हुए राजेश की पत्नी और दो-तीन अन्य कर्मचारियों ने अपनी जान बचाई। इस घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत की लहर है। घटना की जानकारी होते ही राजेश कुमार के परिजनों में कोहराम मच गया व गांव में शोक व्याप्त है। इधर घटना की जानकारी मिलने उपरांत वन अमला अपनी औपचारिकताओं में जुट गया है। पुलिस के द्वारा मर्ग कायम कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।





