जीपीएम। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में मंगलवार को हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। पेंड्रा थाना अंतर्गत कोटमी बाजार में सर्राफा व्यवसायी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
बताया जा रहा है कि बदमाश लूट के इरादे से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, पेण्ड्रा निवासी प्रदीप सोनी,उम्र 50 वर्ष मंगलवार को कोटमी गांव के बाजार में दुकान लगाए हुए थे। इसी दौरान एक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने पहले सोने-चांदी के जेवर लूटे और विरोध करने पर भीड़भाड़ वाले बाजार में ही व्यवसायी पर कट्टा तानकर गोली चला दी जो उनके सीने में लगी। गोली चलते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के पूर्व् ही उनकी मौत होना बताया गया।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव,आक्रोश और भय का माहौल है। आरोपियों के पकड़े जाने तक शव का अंतिम संस्कार नहीं करने की चेतावनी दी गई है। सारे शाम भीड़ भरे स्थान पर हुई इस वारदात के आरोपियों की धर पकड़ के लिए पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। जिले भर में नाकाबंदी कर संदिग्धों की पड़ताल की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं एवं मुखबिरों को अलर्ट कर दिया गया है।






