👉🏻 पुलिस ने संभाले हालात, वरना आरोपी का परिवार हो जाता शिकार
कोरबा। रविवार रात कोतवाली थाना अंतर्गत रामसागरपारा तालाब के पास मुख्य मार्ग में हुई हिंसक घटना का वीडियो सामने आया है। कुछ सेकेंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह से बीच- बचाव करने पहुंचे युवक के सिर पर डंडे से वार किया गया। मृतक की पहचान रवि यादव के रूप में हुई है जिसके पिता लेथ मशीन का काम करते हैं। रामसागरपारा निवासी हर्षित और महेंद्र गंगवानी का नाम पूरे घटनाक्रम में सामने आ रहा है। जो वीडियो मोहल्ले में वायरल है उसमें एक युवक हाथ में ईंट लिए हुए नजर आ रहा है और दूसरा हाथ में डंडा लिए हुए चल रहा है। इनमें से एक हर्षित और दूसरा महेंद्र गंगवानी बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले हुए विवाद का बदला लेने की नीयत से युवक के घर यह लोग गए हुए थे। युवक के साथ जमकर से मारपीट की गई जिससे वह सड़क पर ही गिर पड़ा। आसपास के लोग इस घटनाक्रम के दौरान एकत्र हो चुके थे। बीच-बचाव का दौर चल रहा था कि इस दौरान ही सफेद शर्ट में नजर आ रहा युवक रवि यादव भी वहां पहुंचा था। वह ईंट रखे युवक को समझाने की कोशिश के साथ ही उसे रोकने का प्रयास भी कर रहा था। ईंट पकड़ा युवक भी अपने साथी को डंडा मारने से रोक रहा है लेकिन एकाएक हमला कर ही देता हैं। रवि यादव के सिर पर जोरदार वार कर दिया गया, वह सड़क पर गिर पड़ा।
आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। संभवत: सिर में सांघातिक चोट लगने के कारण उसकी मौत हुई है।इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों व लोगों ने हर्षित व महेंद्र गंगवानी के घर पहुंच कर अपना गुस्सा उतारना चाहा लेकिन युवक की हत्या की सूचना मिलते ही अलर्ट हुई पुलिस ने आसपास के इलाकों में बिखर कर आरोपी के घर पर होने वाले हमले को समय रहते टाल दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में समाचार लिखे जाने तक कोई पुष्ट जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी है।





