👉🏻नियमित पुलिस गश्त, अवैध नशे के कारोबार पर कार्रवाई और महिलाओं-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की उठाई मांग
कोरबा। शहर के पुरानी बस्ती क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अपराध, अवैध नशे के कारोबार और असामाजिक तत्वों की सक्रियता को लेकर विशाल कुमार साहू ने जिला पुलिस अधीक्षक से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र में बीते कुछ समय से कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है, जिससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
ज्ञापन के अनुसार, पुरानी बस्ती के कई हिस्सों में खुलेआम नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है। इसके चलते मारपीट, गुंडागर्दी, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, छात्राओं, स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों तथा बुजुर्गों को हो रही है, जो स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं।
आरोप लगाया है कि असामाजिक तत्वों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि वे सार्वजनिक स्थानों पर भी बेखौफ होकर गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो सकती है।
ज्ञापन में पुलिस प्रशासन से मांग की गई है कि पुरानी बस्ती क्षेत्र में संचालित अवैध नशे के कारोबार की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्र के अपराधियों और असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध अभियान चलाया जाए तथा नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।
इसके अलावा महिलाओं, छात्राओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार जांच तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की भी मांग की गई है।
ज्ञापन सौंपने वाले विशाल कुमार साहू ने विश्वास जताया है कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर विषय को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करेगा, जिससे क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बहाल हो सके तथा आम लोग भयमुक्त वातावरण में अपना जीवन यापन कर सकें।








