कटघोरा। नगर पालिका परिषद कटघोरा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मूलनिवासी किसान संघ छत्तीसगढ़ ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सात दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष लालबहादुर सिंह कोरम ने एसडीएम (राजस्व) एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी कटघोरा को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि लंबे समय से लंबित जनहित के मुद्दों के कारण आम नागरिकों, यात्रियों और वाहन चालकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों के तहत धरना-प्रदर्शन एवं जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
👉🏻प्रमुख मांगें
- शहर की मुख्य सड़कों से आवारा मवेशियों का उचित प्रबंधन संघ ने कहा है कि कटघोरा नगर की प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर बड़ी संख्या में आवारा मवेशी बैठे रहते हैं। इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने के साथ यातायात भी प्रभावित होता है। ज्ञापन में भारत सरकार के “गो सम्मान आव्हान अभियान” की भावना के अनुरूप मवेशियों के संरक्षण एवं उचित प्रबंधन की मांग की गई है।
- यात्री प्रतीक्षालय में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं ज्ञापन में कहा गया है कि कटघोरा स्थित यात्री प्रतीक्षालय में सुरक्षा व्यवस्था के अभाव के कारण चोरी, असामाजिक गतिविधियों एवं अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्काल सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाने की मांग की गई है।
- बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालय में 24 घंटे सेवा उपलब्ध कराई जाए संघ ने बताया कि कटघोरा बस स्टैंड में प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है, विशेषकर रात्रि के समय 70 से अधिक यात्री बसों का ठहराव रहता है। इसके बावजूद रात में शौचालय बंद रहने से महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों और दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन में शौचालय को 24 घंटे संचालित करने तथा कर्मचारियों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन
मूलनिवासी किसान संघ ने प्रशासन से तीनों मांगों पर सात दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। संघ का कहना है कि निर्धारित समय सीमा में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर संगठन व्यापक धरना-प्रदर्शन एवं जनआंदोलन करेगा।
ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर कोरबा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कटघोरा, थाना प्रभारी कटघोरा, जिला परिवहन अधिकारी, तहसीलदार कटघोरा सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी प्रेषित की गई है।








