0 हादसे के कुछ देर पहले ही स्कूटी से छोड़कर गई थी पत्नी
कोरबा। कटघोरा के जेंजरा क्षेत्र में आज पूर्वान्ह 11 बजे के आसपास हुई दर्दनाक घटना में प्राथमिक शाला के सहायक शिक्षक की मौत हो गई। सड़क पार करने के दौरान उन्हें बाइकर्स ने टक्कर मार दी। घटना को अंजाम देने वाला युवक भी जख्मी हुआ है जिसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जेंजरा का प्राथमिक विद्यालय सड़क के किनारे है। यहां पर 49 वर्षीय अजय थवाई पिता रामकृष्ण थवाईत की पदस्थापना है। मेला ग्राउंड क्षेत्र में रहने वाले अजय को पत्नी ने स्कूटी से सड़क तक छोड़ा और घर लौट गई। इसके कुछ ही देर बाद यह हादसा हुआ। जिसने लोगों को समझने का मौका नहीं दिया। घटना की जानकारी आसपास में पहुंची तो कोहराम मच गया। कटघोरा टीआई एमबी पटेल ने बताया कि अजय थवाईत सड़क पार कर स्कूल का रूख कर रहे थे। इसी दरम्यान तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके नतीजन शिक्षक मौके पर ही गिर पड़े और उनका निधन हो गया। व्यस्त रोड पर चलने वाले लोगों और आसपास में निवासरत लोगों को यह नजारा दिखा तो वे फौरन दौड़कर यहां पहुंचे। आनन-फानन में पुलिस को अवगत कराया गया। फौरी तौर पर लहूलुहान हुए सहायक शिक्षक और दूसरे पीड़ित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां पर डॉक्टर ने परीक्षण के साथ शिक्षक को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल बाइक चालक को उपचारार्थ भर्ती किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ तेज और लापरवाहीपूर्वक बाइक चलाकर घटना को अंजाम देने तथा मृत्युकारित करने का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि और भी तथ्यों के आधार पर इस मामले में जांच-पड़ताल की जाएगी और इस आधार पर अगली कार्रवाई तय होगी।
शिक्षा विभाग में शोक की लहर
लगभग 29 वर्ष पहले सरकारी सेवा में आए अजय थवाईत सुसंस्कारित और शिक्षित परिवार का हिस्सा थे। उनके निधन की खबर लगते ही विभिन्न स्कूलों के शिक्षक सहित शुभचिंतक अस्पताल पहुंच गए। यहां का माहौल काफी झकझोरने वाला था। स्थानीय लोगों ने अजय की पत्नी और परिजनों को किसी तरह संभालने का प्रयास किया। इधर शिक्षा विभाग ने इस मामले में संवेदना जताने के साथ शिक्षक परिवार को शुरुआती अनुग्रह राशि देने की बात कही। उनके एक परिजन को अनुकंपा नियुक्ति का लाभ नियमानुसार देने की कार्यवाही जल्द की जाएगी।





