कोरबा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक पति, तीन महिलाओं के अलावा कमाने के लिए बाहर गया 21 वर्षीय युवक के लापता होने के मामले सामने आए हैं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। एक मामले में युवक महाराष्ट्र के हिंगोली पहुंचने के बाद संपर्क से बाहर हो गया, जबकि अन्य मामलों में महिलाएं और एक पति अपने-अपने घर से लापता हुए हैं।
0 हैदराबाद जाने निकला युवक महाराष्ट्र से लापता
उरगा थाना अंतर्गत ग्राम तिलाईभाठा चिचोली निवासी उमा बाई बिंझवार ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा बेटा जयेश कुमार बिंझवार 21 वर्ष, विगत 9 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे हैदराबाद जाने के लिए घर से निकला। 11 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे बेटे ने फोन कर बताया कि वह महाराष्ट्र के हिंगोली पहुंच गया है और उसका मोबाइल चोरी हो गया है। उसने पैसे भेजने को कहा, जिस पर मां ने फोन-पे के माध्यम से 2 हजार रुपये भेजे। इसके बाद एक अन्य नंबर से उमा बाई को बताया गया कि उनके बेटे को पैसे दे दिए गए हैं, इसके बाद से जयेश से कोई संपर्क नहीं हुआ। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। मां ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके बेटे का अपहरण कर उसे बंधक बनाकर रखा है। पुलिस ने धारा 140(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू की है।
0 पत्नी घर से बिना बताए निकली, नहीं लौटी
उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम खोड्डल निवासी गौरव बंजारे ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी अनंदा बंजारे 27 वर्ष, 10 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई। वह अपने साथ मोबाइल फोन, बैग और पढ़ाई से संबंधित दस्तावेज लेकर गई है। उसका मोबाइल बंद बता रहा है। आसपास और रिश्तेदारों में तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चला। गौरव ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले लिया है। पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 97/2026 दर्ज कर धारा 140(3) बीएनएस के तहत विवेचना शुरू की है।
इसी तरह मानिकपुर पुलिस सहायता केन्द्र अंतर्गत मुड़ापार गोकुल डेयरी के सामने रहने वाले हरिपदा सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी उर्मिला सिंह 36 वर्ष, 5 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे छोटी बेटी ममता को फोन देखते रहने की बात कहकर बड़ी बेटी महिमा 9 वर्ष को साथ लेकर घर से निकली थी। शाम करीब 7 बजे ड्यूटी से लौटने पर पत्नी घर पर नहीं मिली। मोबाइल पर संपर्क करने पर उसने एक बेटी को साथ ले जाने और दूसरी बेटी को पति के पास छोड़ने की बात कही तथा फोन बंद कर दिया। आसपास और रिश्तेदारों में तलाश के बाद भी पता नहीं चला। 6 अगस्त को मोबाइल चालू मिला, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया। पुलिस ने पति की सूचना पर गुम इंसान क्रमांक 112/2026 दर्ज कर तलाश शुरू की है। दर्री थाना अंतर्गत ग्राम पटपरा निवासी पूर्णिमा महंत ने पुलिस को बताया कि उसका पति दीपक दास महंत 8 अप्रैल को उसे मायके ग्राम पटपरा में छोड़कर अपने घर पण्डरीपानी चला गया था। करीब दो माह बाद जब वह पति से मिलने पण्डरीपानी पहुंची तो घर में ताला लगा मिला। 16 अगस्त को दोबारा पति के घर पहुंचने पर भी वह नहीं मिला। आसपास के गांवों और रिश्तेदारों में तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। पूर्णिमा ने आशंका जताई कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसके पति को प्रलोभन देकर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने धारा 140(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
इस कड़ी में कुसमुंडा थाना अंतर्गत गेेवरा बस्ती निवासी रामनाथ मिरी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी मनीषा मिरी 28 वर्ष, 13 अगस्त की सुबह करीब 6 बजे मायके ग्राम केरा नवागढ़ जाने की बात कहकर बच्चों को घर पर छोड़कर निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। रामनाथ ने आशंका जताई कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी पत्नी को प्रलोभन देकर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 47/2026 के आधार पर धारा 140(3) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्धअपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
KORBA:एक का पति, तीन की पत्नियां लापता, कमाने गया बेटा महाराष्ट्र से गायब


















