कोरबा। जिले के कोरबा ब्लॉक अंतर्गत वनांचल ग्राम कुदरी चिंगार में मंगलवार सुबह भारी बारिश के बीच मिट्टी का घर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में घर के अंदर घरेलू काम कर रही आंगनबाड़ी सहायिका बिफईया बाई उइके पति बजरंग उइके, 49 वर्ष मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बिफईया बाई कुदरी चिंगार, ग्राम पंचायत डोकरमना की आंगनबाड़ी सहायिका है। बताया गया कि लगातार बारिश के कारण मिट्टी से बना उनका घर कमजोर हो गया था। सुबह घर का काम करते समय अचानक घर का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और वह दीवार के नीचे दब गईं।

हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने एंबुलेंस के लिए कॉल किया, लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। इसके बाद ग्राम पंचायत सरपंच ने निजी वाहन की व्यवस्था कर घायल बिफईया बाई को उपचार के लिए लेमरू के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।






