👉🏻जाम से राहत की उम्मीद, चलेंगे अपनी-अपनी साइड
कोरबा। शुक्रवार की देर रात तक टीपी नगर से पावर हाउस रोड मार्ग से आना-जाना करने वाले और स्थानीय लोगों ने जो रोड हर दिन की तरह खुली-खुली देखी थी, आज शनिवार की सुबह इस रास्ते से गुजरे तो अवाक रह गए। इस मार्ग पर शारदा विहार तिराहा से पावर हाउस रोड नहर पुल पर रोजाना लगने वाले जाम से राहत दिलाने नगर निगम ने रातों-रात डिवाइडर बनवा दिया। रात 1 बजे से तड़के 4-5 बजे तक गड्ढे खुदे और काम भी हो गया। यातायात पुलिस के प्रस्ताव पर दीपावली से पहले की गई इस पहल से सड़क पर वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित होने और जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
पावर हाउस रोड पर दोपहर से देर रात तक वाहनों का दबाव बना रहता है। नवरात्र के दौरान भी इस मार्ग पर कई बार लंबा जाम लगा था। दीपावली की खरीदारी के लिए बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने समस्या अधिकारियों के सामने रखी, जिसके बाद निगम ने डिवाइडर का निर्माण कराया।

डिवाइडर बनने से अब वाहन चालकों को अपनी-अपनी साइड चलने में सहूलियत मिलेगी। इससे जाम खुलवाने में ट्रैफिक पुलिस के जवानों की मशक्कत भी कम हो सकती है। वाहनों के जाम में फंसने से होने वाली ईंधन की बर्बादी और धुएं की समस्या में भी कमी आने की उम्मीद है।
👉🏻अब दुकानों के अतिक्रमण पर नजर
हालांकि, पावर हाउस रोड पर यातायात की समस्या केवल वाहनों के दबाव तक सीमित नहीं है। सड़क किनारे दुकानों के अतिक्रमण से भी आवागमन बुरी तरह प्रभावित होता है। लोग अपने वाहन आड़ा-तिरछा, सड़क तक खड़े कर सुगम आवागमन में बाधा बनते हैं। ऐसे में डिवाइडर बनाने के बाद अब सड़क पर पसरे अतिक्रमण को हटाने व ऐसे वाहन धारकों पर कार्रवाई की जरूरत है। यदि नगर निगम इस दिशा में भी कार्रवाई करता है, तो लोगों को जाम से स्थायी राहत दिलाने में मदद मिल सकती है।






