👉🏻 मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य में जुटे बीएलओ और सुपरवाइजरों की मेहनत का मिला सम्मान
रायपुर/कोरबा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में जुटे बीएलओ और सुपरवाइजरों की मेहनत/ योगदान को सम्मान देते हुए प्रत्येक बीएलओ एवं सुपरवाइजर को 6 हजार रुपये अतिरिक्त एकमुश्त मानदेय देने का निर्णय लिया गया है। आयोग के इस फैसले से प्रदेशभर के बीएलओ कर्मियों में खुशी की लहर है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी पत्र के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान किए जा रहे कार्यों की प्रकृति और महत्व को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आयोग ने माना है कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अद्यतन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में बीएलओ और सुपरवाइजरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा वे जमीनी स्तर पर निर्वाचन प्रक्रिया को मजबूत बनाने में अहम योगदान दे रहे हैं।
निर्णय की जानकारी मिलते ही प्रदेशभर के बीएलओ और सुपरवाइजरों में खुशी की लहर दौड़ गई है। उन्होंने निर्वाचन आयोग के इस कदम का स्वागत करते हुए इसे उनकी मेहनत और समर्पण का सम्मान बताया है। बीएलओ कर्मियों का कहना है कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करना, मतदाताओं का सत्यापन करना और दस्तावेजों का परीक्षण जैसे कार्य काफी चुनौतीपूर्ण होते हैं। ऐसे में आयोग द्वारा अतिरिक्त मानदेय दिए जाने का निर्णय उनके मनोबल को बढ़ाने वाला है। इस सम्बंध में सभी क्लेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश पत्र प्रेषित किया जा चुका है।
बीएलओ एवं सुपरवाइजरों ने भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे न केवल कार्य के प्रति उत्साह बढ़ेगा, बल्कि भविष्य में भी वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करेंगे।





