0 एक महीने में चार मौतों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
रायगढ़। रायगढ़ जिले में हाथी के बच्चों (कलभ) की लगातार हो रही मौतों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामले में रायगढ़ वन मंडल के खरसिया रेंज अंतर्गत मांड नदी के गुरदा क्षेत्र में हाथी के एक बच्चे की पानी में डूबने से मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा।
जानकारी के अनुसार जिस क्षेत्र में कलभ का शव मिला है, वहां इन दिनों 4 दर्जन से अधिक हाथियों का दल विचरण कर रहा है।
प्रारंभिक तौर पर कलभ की मौत पानी में डूबने से बताई जा रही है, हालांकि वन विभाग द्वारा पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। बताया जा रहा कि आज सुबह 9 बजे ग्रामीणों ने पहले शव देखा जिसके बाद वन विभाग की टीम को घटना की जानकारी दी गई। शव को नदी से बाहर निकाल लिया गया है।
गौरतलब है कि मई महीने के दौरान रायगढ़ जिले में पानी में डूब कर तीन कलभ की मौत हो चुकी है, अब एक और मौत के साथ बीते 31 दिनों के भीतर 4 कलभ की जान जा चुकी है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
वन विभाग के आंकड़ों के ही अनुसार माह जनवरी से अब तक जिले में 9 कलभ की मौत हो चुकी है। इतनी संख्या में हुई मौत वन प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।






