वायरल वीडियो से मची खलबली, कसा कानून का शिकंजा
बिलासपुर। मां शक्ति की आराधना के विशेष पर्व नवरात्रि की शुरुआत होने जा रही है। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर 9 दिनों तक मां की भक्ति में लीन कर देने वाले गरबा डांडिया नृत्य की धूम मची रहती है। यह आयोजन मॉ की भक्ति के प्रति प्रदर्शित करने वाला होता है किंतु बदलते दौर के साथ इसे अलग-अलग तरह के प्रदर्शन से जोड़ा जाने लगा है जो कि अपसंस्कृति को बढ़ावा देने वाला है। गरबा को लेकर प्रचार-प्रसार के तरीके पर सवाल उठाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वायरल वीडियो में गरबा की वेशभूषा धारण किए युवतियों और उनके साथी युवकों के द्वारा एक फिल्म के रीमिक्स गाने पर पिस्टल, ताश की पत्तियां, और सिगरेट का इस्तेमाल करते हुए स्टाइलिश वीडियो बनाया गया। इस पर काफी तेजी से आपत्तियां भी आनी शुरू हो गई। मामले की शिकायत पर बिलासपुर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए इस वीडियोग्राफी में शामिल 9 युवक-युवतियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की थाना सिविल लाइन में लिखित शिकायत की गई कि- गरबा टिकट/मेकअप के प्रचार-प्रसार हेतु वीडियो तैयार कर उसे Instagram एवं Facebook पर प्रसारित किया गया।
वीडियो में भारतीय सांस्कृतिक के विपरीत, अशोभनीय ओर गलत चीजों को महिमामंडित किया गया है जिससे समाज में युवाओं पर गलत असर पड़ने की आशंका व्यक्त की गयी।

प्राप्त शिकायत एवं उपलब्ध वीडियो के आधार पर पुलिस द्वारा अपराध क्रमांक 1390/2026, धारा 196, 299 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ओर 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर ज्यादा से ज्यादा राशि से बाउंड ओवर भी कराया जा रहा है।
🫵🏻 बिलासपुर पुलिस की सख्त चेतावनी
धार्मिक आस्था, परंपरा एवं सांस्कृतिक प्रतीकों का उपयोग प्रचार-प्रसार अथवा मनोरंजन के नाम पर इस प्रकार न किया जाए, जिससे किसी वर्ग की भावनाएं आहत हों एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित हो।
सोशल मीडिया पर लाइक, व्यूज अथवा प्रचार हासिल करने के लिए धार्मिक प्रतीकों का आपत्तिजनक प्रदर्शन, अशोभनीय सामग्री अथवा हथियारनुमा वस्तुओं का प्रदर्शन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बिलासपुर पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली आपत्तिजनक एवं भ्रामक सामग्री पर सतत निगरानी रख रही है। किसी भी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया गया तो उसके विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा आपत्तिजनक सामग्री को बिना सत्यापन आगे प्रसारित न करें।





