रायपुर/कोरबा। नीट पेपर लीक, छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का आंदोलन अब देशभर में तेज हो गया है। छात्र हितों को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद दिल्ली में राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने की गूंज अब छत्तीसगढ़ भी पहुंच गई है। राजधानी रायपुर में मंगलवार को कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया, जिसके दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।
भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन के घेराव के लिए पहुंचे थे। इसकी जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी तेज हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। हालात नहीं संभलने पर आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इस दौरान कई प्रदर्शनकारी, पुलिसकर्मी और कवरेज कर रहे मीडियाकर्मी भी गैस की चपेट में आ गए।
घटनाक्रम के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक विरोध की आड़ में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है। वहीं उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस के आंदोलन को लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत बताते हुए इसे प्रदेश का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करार दिया।
दूसरी ओर कांग्रेस ने पूरे घटनाक्रम के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता का ध्यान अहम मुद्दों से हटाने के लिए टकराव की राजनीति कर रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं, विशेषकर महिला कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की और पत्थरबाजी हुई, जबकि पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस छोड़ी।
दिल्ली से शुरू हुआ यह विवाद अब छत्तीसगढ़ की राजनीति का भी प्रमुख मुद्दा बन चुका है। छात्र हित और नीट पेपर लीक का मामला अब भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी राजनीतिक लड़ाई का केंद्र बन गया है। दोनों दलों के आक्रामक रुख को देखते हुए आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासत और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
।








