कोरबा। हिंदू नारायणी सेना (मंदिर) कोरबा ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ऐसे मूर्तिकारों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है, जो संगठन के अनुसार हिंदू देवी-देवताओं की प्रतिमाओं के वास्तविक एवं शास्त्रसम्मत स्वरूप से छेड़छाड़ कर रहे हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि कुछ वर्षों से शहर में देवी-देवताओं की प्रतिमाएं कार्टून, बाल स्वरूप तथा अन्य परिवर्तित रूपों में बनाई जा रही हैं, जिन्हें संगठन ने हिंदू धार्मिक मान्यताओं एवं शास्त्रों के विपरीत बताया है। साथ ही आरोप लगाया गया है कि प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से बनी प्रतिमाओं के उपयोग से पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है, क्योंकि उनका जल में आसानी से विसर्जन नहीं हो पाता।
संगठन का कहना है कि इस प्रकार की प्रतिमाएं धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं। इसलिए प्रशासन ऐसे मूर्तिकारों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करे तथा भविष्य में शास्त्रसम्मत एवं पर्यावरण-अनुकूल प्रतिमाओं के निर्माण को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करे।
यह मांग हिंदू नारायणी सेना (मंदिर) कोरबा द्वारा कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में की गई है, जिस पर संगठन के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर भी अंकित हैं।


















