👉🏻उपेक्षा पर भड़के भाजपा मंडल उपाध्यक्ष दुबे ने कहा-यहाँ के लिए फंड नहीं पालिका के पास
कोरबा। नगर पालिका बांकीमोंगरा क्षेत्र में गुटबाजी के साथ-साथ कामकाज को लेकर भेदभाव और उपेक्षा के लगते आरोपों के बीच मांग उठी है कि इसके एक हिस्से गेवरा बस्ती को पालिका से अलग कर दिया जाना चाहिए,जब यहां विकास कार्य नहीं कर सकते।
भाजपा के मण्डल उपाध्यक्ष सालिक राम दुबे का कहना है कि बांकीमोंगरा नगर पालिका के हर वार्ड में काम हो रहा है, सिवाय गेवरा क्षेत्र को छोड़कर। वार्ड 25 से 30 की हालत किसी से छिपी नहीं है। गेवरा बस्ती का रोड नहीं बन रहा है, यहां के सामुदायिक भवन का जीर्णोद्धार नहीं हो रहा है। यहां किसी के निधन पर अंत्येष्टि के लिए बारिश में अंतिम संस्कार करना पड़ता है क्योंकि एक अच्छा मुक्तिधाम नहीं है। इस क्षेत्र के सभी स्कूलों की तरफ जाने वाले रास्ते गड्ढों व कीचड़ से युक्त रहते हैं, लेकिन विकास की फिक्र नहीं है।यह सब इसलिए है क्योंकि गेवरा क्षेत्र के लिए पालिका में फंड नहीं है।
👉🏻 जनप्रतिनिधियों को नौकरी लगवाने से फुर्सत नहीं

सालिकराम दुबे ने कहा कि यहां के जनप्रतिनिधि लोगों को सिर्फ कम्पनी में नौकरी लगवाने से फुर्सत नहीं है। यह गेवरा क्षेत्र का दुर्भाग्य है, जहां सबसे ज्यादा वोट मिलता है वहां को नजरंदाज कर दिया जाता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से कहा कि अभी भी समय है जाग जाओ, मौक़ा एक बार मिलता है, बार-बार नहीं, मेरी बात कड़वी है लेकिन सच्चाई यही है।
👉🏻 जहां फायदा-वहां काम, बाकी अनदेखा

सालिक राम दुबे ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि गेवरा बस्ती ही नहीं, इससे भी ज्यादा अन्य सड़कों का हाल ख़राब है, चलने लायक तक सड़क नहीं है मगर बांकीमोंगरा नगर पालिका को यह नज़र नहीं आ रहा है। अगर गेवरा क्षेत्र में काम नहीं करवाना है तो इस क्षेत्र को पालिका से मुक्त कर दो, हमें नहीं चाहिए ऐसी पालिका जो अपने मतलब के लिए बनाई गई है। उन्होंने कहा कि यहां के जनप्रतिनिधि लोग जहां फायदा रहेगा वहां के लिए का काम होगा, रोड-पानी-बिजली-भवन-मुक्तिधामसे कुछ फायदा होगा नहीं। हां, कोई काम लेकर आएगा तो सामने आ जाएंगे कि मैंने कराया है बोल के फोटो खिंचवाने के लिए।


















