👉🏻 सत्ता बदल गई, पर जन समस्या का निराकरण आज तक शून्य
कोरबा-करतला। जल संकट का समाधान करते हुए घर-घर तक पानी पहुंचाने की योजना कई इलाकों में सफल नहीं है,खासकर ग्रामीण अंचलों में। नल जल योजना में निर्माण विगत 6 वर्षों से पूर्ण हो चुका है, उसके बावजूद ग्रामीणों को छह बूंद भी पानी नहीं मिल पाया है।
मौजूदा सुशासन तिहार के तहत करतला ब्लॉक के ग्राम पंचायत गिधौरी में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित हुआ जिसमें फिर कोशिश है कि,टँकी से पानी निकल आए। सफेद हाथी बन चुके टँकी से पानी की सप्लाई चालू करने का आवेदन दिया गया है ताकि ग्रामीणों को पानी की किल्लत से बाहर निकाला जा सके।
मामला कोरबा जिले के करतला विकासखण्ड के ग्राम पंचायत पकरिया का है। यहां नल जल योजना के तहत पानी टंकी का निर्माण पूरा हुए 6 वर्ष हो गया है, उसके बाद भी आज तक लोगों को पानी नसीब नहीं हुआ है। ये हालत तब है जबकि हर साल गर्मी का मौसम शुरू होने से पहले बैठकें लेकर शासन-प्रशासन द्वारा पेयजल आपूर्ति दुरुस्त कर लेने की हिदायत पीएचई विभाग सहित संबंधित अन्य विभाग को दी जाती है। समय रहते समस्या दूर कर लेते तो ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलती और सरकार के लाखों रुपये भी बर्बाद नहीं होते।





