🫵🏻 प्रतिबंध के बाद सामने आया राजेश्वर एसोसिएट, कहा- विलम्ब का कारण बताते मांगा था समय
कोरबा। नगर पालिक निगम,कोरबा में विभिन्न कार्यों का ठेका प्राप्त ठेका कंपनियों/फर्मों के द्वारा संबंधित वार्डों में कामकाज महीनों/वर्षों से रोक कर रखा गया है और इस पर ध्यान भी नहीं दे रहे हैं। ऐसे लगभग एक दर्जन ठेका फर्मों को चिन्हित कर लिया गया है और इन सभी पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की तैयारी है। इस कड़ी में राजेश्वर एसोसिएट पहले नंबर पर आ गया। इस फर्म को प्रतिबंधित किए जाने के बाद से ऐसे तमाम फर्मों के हाथ-पाथ फूले हुए हैं। ये सब अब कार्रवाई से बचने के लिए परिक्रमा में जुट गए हैं। अब देखना है कि ऐसे फर्मो पर कार्रवाई होती है या उन्हें अभयदान मिलेगा या फिर वह अधूरे कार्यों को पूरा करने में रुचि दिखाएंगे? हालांकि निगमायुक्त के द्वारा शासन की कल्याणकारी और विकासपरक योजनाओं को प्राथमिकता की श्रेणी में रखा गया है और इसमें लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जा रही है
🫵🏻 राजेश्वर एसोसिएट के प्रमुख ने लिखा था पत्र
वार्ड 3 राताखार क्षेत्र में विभिन्न कार्यों का ठेका प्राप्त राजेश्वर एसोसिएट के प्रमुख अभिषेक मिश्रा ने बताया कि कार्य में हुए विलंब हेतु स्पष्टीकरण मांगा गया था। इसका जवाब देते हुए समय वृद्धि हेतु आग्रह किया गया था।
दिनांक-30/01/2026 को निगम द्वारा दिए गए नोटिस पत्र के जवाब में राजेश्वर एसोसिएट की तरफ से आयुक्त को आग्रह पत्र लिखते हुए कहा गया था कि- (अक्षरशः)
उपरोक्त कार्य मेरे द्वारा किया जा रहा है जिसका कार्यादेश क्र 14333 दिनांक-30/12/2024 है। मेरे द्वारा कार्य शुरू कर दिया गया है और हमने उक्त कार्य में pathway का निर्माण पूर्ण कर लिया है। परंतु निर्माण कार्य में हो रहे विलंब के कुछ कारण हैं, जैसे स्थल पर अवैध अतिक्रमण किया गया था जिसे निगम के अमले द्वारा ध्वस्त कर दिया गया एवं जिस जगह गार्डन बनना है वहां पानी भी उपलब्ध नहीं है जिससे गार्डन में पौधे, पेड़ एवं घास के सूख जाने का खतरा बना हुआ है ।
उक्त कार्य को करने में हमें आर्थिक चुनौती का भी सामना करना पड़ रहा है जैसे हमारे पुराने किए गए कामों के भुगतान में अत्यधिक विलंब हो रहा है। अतएव, महोदय से निवेदन है कि उपरोक्त सभी परिप्रेक्ष्य को दृष्टिगत रखते हुए हमें आज दिनांक से 1 माह का समय वृद्धि प्रदान करने की कृपा करें।





