👉🏻PM मोदी व HM शाह के साथ खिंची तस्वीरे दिखा कर झांसे में लेने की चर्चा
कोरबा। देश के सर्वोच्च पदों पर आसीन लोगों की आड़ लेकर एक बड़ा फर्जीवाड़ा की सुगबुगाहट सामने आई है। कोरबा जिले में कोयलांचल की एक बस्ती में रहने वाला एक व्यक्ति खुद को आईएएस अधिकारी और प्रधानमंत्री कार्यालय का “निजी सचिव” बताकर पिछले कई महीनों से लोगों को ठग रहा है।
पुष्ट सूत्र बताते हैं कि ठगी का तरीका बेहद शातिराना है। लोगों को झांसे में लेने के लिए वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ खिंचवाई गई अपनी तस्वीरें दिखाता है। फोटो दिखाकर गर्व से कहता है – “मैं इनकी हर बड़ी बैठक संभालता हूं। पीएम के साथ मैं ही खड़ा रहता हूं। तुम्हारी नौकरी मैं पंद्रह दिन में लगवा दूंगा”।
राष्ट्रीय नेताओं के नाम और फोटो के सहारे वह बेरोजगार युवाओं और उनके परिजनों से सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये लेता है। पैसे मिलने के बाद न नौकरी लगती है और न ही वह फोन उठाता है। कई बार यह अपने घर से गायब रहता है और जब कभी ठगाए लोगों से सामना हो जाए व जब पीड़ित पैसा वापस मांगते हैं तो इस “नकली आईएएस” का असली चेहरा सामने आता है। वह धमकी देते हुए कहता है – “पता है मैं कौन हूं? मैं तुम्हें और तुम्हारे पूरे परिवार को बर्बाद कर दूंगा”।
अपनी पहचान छिपाने व नाम न बताने की शर्त पर पीड़ित ने हमारे समाचार सहयोगी को बताया कि यह शख्स अब तक कई परिवारों को अपना शिकार बना चुका है। पैसे वापस मिलने की कुछ उम्मीद और बहुत कुछ इस शख्स के डर और रसूख के कारण कोई भी सामने आकर शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। इसके शिकार स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही पैसे वापस न मिले तो FIR कराई जाएगी। ऐसे लोगों से आम जनता व अभिभावकों सहित युवाओं को सजग रहने की जरूरत है जो नौकरी लगवाने का दावा करते फिरते हैं।





