👉🏻 विरोध करने पर दम्पत्ति से मारपीट, कहा- “हमारा कुछ नहीं कर सकते”
कोरबा। बालको नगर थाना क्षेत्र के हवाई पट्टी चौक, रूमगढ़ा स्थित एक ऑटो सेंटर में दुकान के शटर पर पेशाब करने का विरोध करना दम्पत्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर एक युवक और उसके साढ़ू ने दुकान संचालक व उसकी पत्नी के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए खुलेआम दादागीरी दिखाई। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हवाई पट्टी चौक, रूमगढ़ा निवासी कन्हैया लाल बघेल (42 वर्ष) कृष्णा ऑटो सेंटर का संचालन करते हैं। उनकी रिपोर्ट के मुताबिक, 10 जुलाई 2026 की रात करीब 8 बजे वह अपनी पत्नी के साथ दुकान में मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी अजय यादव अपने साढ़ू के साथ कार से वहां पहुंचा।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अजय यादव ने दुकान के शटर पर पेशाब करना शुरू कर दिया। जब कन्हैया लाल ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने “अच्छा कर रहा हूं” कहते हुए अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर उसका साढ़ू भी वहां पहुंच गया।
एफआईआर के अनुसार, इसके बाद दोनों ने मिलकर कन्हैया लाल बघेल और उनकी पत्नी अंजू बघेल के साथ हाथ-थप्पड़ से मारपीट की। आरोप है कि दोनों आरोपियों ने जोर-जोर से चिल्लाते हुए जान से मारने की धमकी दी और यह भी कहा कि “हमारा कुछ नहीं कर सकते।”
प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि इस घटना से वह और उनकी पत्नी भयभीत हैं तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कन्हैया लाल बघेल की रिपोर्ट पर बालको नगर पुलिस ने आरोपी अजय यादव एवं उसके साढ़ू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 351(3) तथा 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
KORBA: पहले पेशाब किया, फिर दादागीरी दिखाई


















