कोरबा। जिले में महिलाओं से मारपीट के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। बांकीमोंगरा में पुरानी रंजिश को लेकर बाजार में महिला से गाली-गलौज और मारपीट कर जमीन पर पटकने व गला दबाने का आरोप है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चुगली करने का आरोप लगाकर महिला और उसकी बेटी से विवाद करते हुए शराब की बोतल फोड़कर हमला करने की शिकायत दर्ज कराई गई है। दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
पहले मामले में बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के शक्ति चौक निवासी अंजू ने पुलिस को बताया कि 9 नवंबर की शाम करीब 7.30 बजे वह अपनी दोनों भाभियों रोशनी चौहान और शकुंतला चौहान के साथ सोमवारी बाजार सब्जी लेने गई थी। मछली मार्केट के सामने पहुंचने पर अनिता चौहान वहां आई और पुरानी रंजिश की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगी।
अंजू के अनुसार, गाली देने से मना करने पर अनिता ने कथित रूप से अश्लील गालियां देते हुए सभी को झूठे केस में फंसाने की बात कही और हाथ-मुक्का से मारपीट करने लगी। आरोप है कि उसके बाल पकड़कर खींचते हुए जमीन पर पटक दिया गया और गला दबाया गया। इस दौरान जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
अंजू के मुताबिक, उसकी दोनों भाभियों ने बीच-बचाव किया और घटना को देखा-सुना। मारपीट में उसके कंधे और गर्दन में चोट लगने से दर्द हुआ। परिवार से सलाह के बाद उसने 13 नवंबर को दोनों भाभियों के साथ थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अंजू की रिपोर्ट पर अनिता चौहान के विरुद्ध धारा 115(2), 296 और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
🫵🏻 चुगली करने का आरोप लगाकर बोतल से हमला
दूसरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अटल आवास पंप हाउस कोरबा का है। यहां रहने वाली सोमती साहू ने पुलिस को बताया कि वह घर में दुकानदारी का काम करती है। 13 नवंबर को दोपहर करीब 1.10 बजे वह अपनी बेटी दुर्गा साहू के साथ घर के दरवाजे के पास बातचीत कर रही थी। इसी दौरान मोहल्ले की वंशिका चौहान वहां पहुंची और दोनों पर अपनी चुगली करने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज और विवाद करने लगी।
सोमती के अनुसार, विवाद करने से मना करने पर वंशिका ने शराब की शीशी की बोतल फोड़ दी और उसकी बेटी दुर्गा को जान से मारने की धमकी देते हुए बोतल से पेट व कमर के पास वार किया, जिससे चोट लगने पर खून निकलने लगा। शिकायत में सोमती ने खुद के बाएं हाथ की भुजा और दाहिनी आंख के पास भी बोतल से चोट लगने की बात कही है।
इस मामले में सोमती साहू की रिपोर्ट पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने वंशिका चौहान के विरुद्ध धारा 115(2), 118(2), 296 और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।




