👉🏻 दर्री तहसील में सर्वाधिक 580.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज
कोरबा। वर्षाकाल 2026 के दौरान आवश्यकता होने पर मिनी माता बांगो बांध माचाडोली से हसदेव नदी में पानी प्रवाहित किया जायेगा। कार्यपालन अभियंता श्री एस.के.भारती मिनीमाता हसदेव बांगो बांध संभाग क्रमांक 03 माचाडोली ने सर्व साधारण एवं कार्य संबंधितों को सूचित किया है कि मिनीमाता बांगो जलाशय में बारिश के साथ ही जलभराव में वृद्धि हुई है। आज की स्थिति में बांगो जलाशय में जल भराव 354.61 मीटर 71.67 प्रतिशत है। जलाषय में 359.66 मीटर जल भराव होने के पश्चात गेट खोलने की संभावना निर्मित होती है।
उक्त बांध से नीचे, हसदेव नदी के किनारे, बाढ़ क्षेत्र में स्थापित चल-अचल सम्पत्ति सुरक्षित स्थानों पर ले जायें। बाढ़ क्षेत्र में स्थापित खनिज खदान ठेकेदार, औद्योगिक इकाईयां, संस्थानों आदि को भी सूचित किया गया है कि वे अपनी परिसम्पत्तियों को बाढ़ क्षेत्र से बाहर कर लेवें। कार्यपालन अभियंता मिनीमाता बांगो बांध ने कहा है कि अकस्मात बाढ़ से होने वाली किसी भी प्रकार की क्षति के लिए जल संसाधन विभाग उत्तरदायी नहीं होगा। कार्यपालन अभियंता मिनीमाता बांगो बांध ने बाढ़ क्षेत्र में आने वाले गांवों में बाढ़ चेतावनी की मुनादी करवाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
👉🏻 इन गांवों में सम्भावित खतरा
कार्यपालन अभियंता ने बताया कि बाढ़ क्षेत्र में आने वाले संभावित गांवो में बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा, सिरकीकला आदि शामिल हैं।
👉🏻468.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
कोरबा जिले में एक जून से 22 जुलाई तक कुल 468.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। अधीक्षक भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार उक्त अवधि में जिले की तहसील कोरबा में 476 मिलीमीटर, अजगरबहार 332.8, भैंसमा, 409, करतला 412.1, बरपाली 508.9, कटघोरा 479, दीपका 505.6, दर्री 580.9, पाली 510.2, हरदीबाजार 399.6, पोंड़ीउपरोड़ा 503.2, और पसान तहसील में 499.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
👉🏻मिनीमाता बांगो जलाशय में जल भराव 71.67 प्रतिशत
मिनीमाता बांगो जलाशय में बारिश के साथ ही जलभराव में वृद्धि हुई है। बांगो जलाशय के कार्यपालन अभियंता श्री एस.के.भारती से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज की स्थिति में बांगो जलाशय में जलभराव 354.61 मीटर 71.67 प्रतिशत है। जलाशय में 359.66 मीटर जलभराव होने के पश्चात गेट खोलने की संभावना निर्मित होती है। विद्युत संयंत्रों में पानी की आपूर्ति जारी है।








