👉🏻 एसडीएम द्वारा कराई जा रही जांच पूरी, रिपोर्ट जल्द होगी सामने
कोरबा-पाली। पिछले वर्षों के रिकार्ड में 38 डिसमिल दर्ज भूमि को छलपूर्वक 52.40 डिसमिल बना कर टुकड़ों में बिक्री के मामले में अब थाना में शिकायत कर दी गई है। इसके बाद पूरा प्रकरण न्यायालय में ले जाने की तैयारी है।
गौरतलब है कि जिले के पाली राजस्व अनुविभाग अंतर्गत नगर के शिव मंदिर के समीप और नेशनल हाईवे से लगी बेशकीमती जमीन को वास्तविक से कहीं ज्यादा भूमि बता कर प्लाटिंग में बिक्री कर देने के मामले में जाँच अब अंतिम चरण की ओर है।
पाली एसडीएम रोहित कुमार सिंह के द्वारा तहसीलदार से कराई जा रही जांच-पड़ताल अब लगभग पूरी हो चुकी है और जल्द ही रिपोर्ट सामने आने के आसार हैं।
इधर दूसरी तरफ खसरा नंबर 278/3 की भूमि का रकबा 38 डिसमिल जो।वर्तमान ऑनलाइन राजस्व रिकॉर्ड में इससे जुड़े उपखसरों का कुल रकबा 0.2120 हेक्टेयर यानी 52.40 डिसमिल दर्ज दिखाई दे रहा है, पुराने रिकॉर्ड और वर्तमान ऑनलाइन रिकॉर्ड के बीच 14.40 डिसमिल का अंतर सामने आ रहा है। वर्ष 2015 से यह गड़बड़ी किये जाने की शिकायत करते हुए पाली थाना में मूल निवासी किसान संघ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष लाल बहादुर सिंह कोर्राम के द्वारा शिकायत की गई है। शिकायत और मामला चूंकि जमीन सम्बन्धी है,इसलिए पुलिस ने पुलिस हस्तक्षेप अयोग्य अपराध बताते हुए न्यायालय जाने की सलाह दी गई है। इस आशय का फैना मिलने के बाद अब श्री कोर्राम के द्वारा पूरा मामला न्यायालय में परिवाद के तौर पर प्रस्तुत करने की तैयारी है।
जमीन को खींच-तान कर टुकड़ों- टुकड़ों में 14 लोगों को बेचा गया है। इसमें संलिप्त लोगों पर कानून का शिकंजा कसा जाना पूरे मामले की जांच रिपोर्ट पर निर्भर करेगा।






