✅ यूनियन बैंक, प्रगतिनगर में सेंधमारी कर चोरी के प्रयास का खुलासा
कोरबा। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं संगठित अपराधों पर कठोर कार्रवाई के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत थाना दीपका पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने यूनियन बैंक, प्रगतिनगर दीपका में सेंधमारी कर चोरी का प्रयास करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर खुलासा किया है।
थाना प्रभारी एसआई प्रेमचंद साहू ने बताया कि वारदात 04 जून 2026 को यूनियन बैंक, प्रगतिनगर दीपका में हुई। शाखा प्रबंधक द्वारा थाना दीपका में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि बीती रात्रि 3 जून को अज्ञात व्यक्तियों ने बैंक के पीछे की दीवार में सेंध मार कर बैंक में प्रवेश कर चोरी का प्रयास किया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपराध क्रमांक : 219/2026 पर धारा – 305(a), 331(4), 62 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार थाना दीपका पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना एवं सतत जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनका पीछा किया गया।
लगातार प्रयासों के फलस्वरूप दोनों आरोपियों
- जीतेन्द्र बड़क पिता रामपाल बड़क, उम्र 33 वर्ष, निवासी रोहतक (हरियाणा)।
- परवीन कुमार पिता संतलाल, उम्र 36 वर्ष, निवासी रोहतक (हरियाणा) को रोहतक से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त टोयोटा हाइराइडर कार क्रमांक CG 12 AY 6504 जप्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत ट्रांजिट रिमांड पर थाना दीपका लाया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर लेने न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
🙏🏻कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, संदिग्ध व्यक्ति अथवा अपराध संबंधी सूचना तत्काल अपने निकटतम थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।




