कोरबा-पसान। पेंड्रा से कोरबा आ रही जय श्री (राजपूत कंपनी) की यात्री बस क्रमांक CG 10 BG 1600 आज बुधवार सुबह 9 बजे हादसे का शिकार हो गई। हादसे में महज तीन यात्रियों को मामूली चोटे आई हैं जिनमें एक महिला भी शामिल है।
पसान थाना प्रभारी एसआई चन्द्रपाल खाण्डे ने बताया कि यह दुर्घटना ग्राम लैंगा के पास बांस प्लान्ट मार्ग में हुई। बताया गया कि यात्री बस पेंड्रा से आकर कोरबा की ओर जा रही थी और दुर्घटना स्थल मार्ग में एक ट्रेलर क्रमांक सीजी 10-1301 दुर्ग से आकर मध्य प्रदेश की ओर जा रही थी। ट्रेलर में रेलवे का निर्माण संबंधी लोहा सामग्री लोड था जिसका कुछ हिस्सा बाहर की ओर निकला था। मार्ग से बस और ट्रेलर के अगल- बगल से गुजरने के दौरान उक्त लोहे का निकला हुआ हिस्सा बस को रगड़ते हुए निकल गया जिसके कारण चालक की तरफ से बस का लगभग आधा हिस्सा बीच से उखड़ गया। हादसे के होते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गई।
दुर्घटना में महिला यात्री परसिया बाई निवासी ग्राम पत्थर फोड़ पसान को कुछ अधिक चोट आई है, शेष अन्य दो यात्री भी चोटिल हुए जिन्हें मलहम पट्टी के बाद छुट्टी दे दी गई। इस दुर्घटना में बस चालक पंकज यादव की रिपोर्ट पर ट्रेलर चालक सौरभ पटेल के विरुद्ध बीएनएस की धारा 281, 125 ए तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर ट्रेलर वाहन को जप्त कर लिया गया है।






