कोरबा-देवपहरी। कोरबा जिले के सुदूर वनांचल ग्राम पंचायत देवपहरी के मोहल्ला डीडापाठ में श्री सत्यनारायण भगवान की पावन कथा का भव्य आयोजन किया गया। यह धार्मिक कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उपखण्ड देवघाटी के सहकार्यवाह कृष्णा कुमार के निवास स्थान पर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में धर्म सेना गढ़ उपरोड़ा के मंडल संयोजक राजाराम राठिया विशेष रूप से उपस्थित होकर कथा श्रवण किया। कथा का विधिवत संचालन पंडित रमाकांत पांडे द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। पूजा-पाठ, हवन-यज्ञ तथा भगवान शिव के नाम का मंत्रोच्चारण कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया गया।

इस पावन अवसर पर मुख्य यजमान के रूप में नंदलाल राठिया एवं उनकी धर्मपत्नी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत देवपहरी की सरपंच हीराबाई, पूर्व सरपंच अमृत लाल राठिया, पतंग सिंह, बंधन सिंह, कांशी राम, अमर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी श्रद्धालु शामिल हुए।
कथा के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया तथा ग्रामवासियों ने सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। पूरे कार्यक्रम में भक्तिमय माहौल बना रहा और ग्रामवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।






