कोरबा। नगर पालिक निगम द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन एयर ऑडिटोरियम मैदान में 15 अक्टूबर से प्रारम्भ हुई श्रीरामलीला का 19 अक्टूबर को रावण वध व श्रीराम का राज्याभिषेक के साथ समापन हुआ। आज मैदान में लंकापति रावण के पुतला का दहन कर विजयादशमी का पर्व मनाया जाएगा।
बड़ी संख्या में नगरजनों ने उपस्थित हो कर विविध प्रसंगों के मंचन का आनंद लिया और युवा पीढ़ी भी श्रीराम के जीवन चरित्र को देखा व समझा। हर दिन की तरह रामलीला के अंतिम दिवस के आयोजन का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवान श्रीरामलला के चरणों में पुष्प अर्पण व दीप प्रज्जवलन कर कराया गया।
6 दिवसीय रामलीला का आयोजन कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत की पहल व निगम कमिश्नर आशुतोष पांडेय की देखरेख में किया गया। अन्य ने भी अपनी-अपनी भूमिका निभाई।सोमवार 19 अक्टूबर को सेतु बंध, अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति, मेघनाथ-रावण वध, राज्याभिषेक आदि के प्रसंग का प्रदर्शन किया गया। आतिशबाजी के मध्य श्रीराम का राज्याभिषेक किया गया।
मंत्री-महापौर आदि ने श्री राम-लक्ष्मण-जानकी-हनुमान की आरती की।
इसके बाद समस्त कलाकारों व रामलीला की प्रमुख मन्नुप्रिया सहित आयोजन में सफल भूमिका निभाने वालों को स्मृति चिन्ह भेंट कर आयोजक नगर पालिक निगम की तरफ से सम्मानित किया गया।

सम्पूर्ण रामलीला में देवर्ष (देवेश) नागर मुंबई (फेम-ये रिश्ता क्या कहलाता है) ने श्रीराम, नित्या चौहान इंदौर ने सीता, राज चौहान उज्जैन ने हनुमान, राहुल वीर पंड्या उज्जैन ने रावण, देवर्षि नारद व राजा जनक की भूमिका जगदीश पुजारा उज्जैन व महामंत्री सुमन्त की भूमिका जीवनलाल रायकवार ने बखूबी निभाई। इनके साथ फोटो खिंचवाने व सेल्फी लेने के लिए बच्चे, युवा, बुजुर्ग आतुर नजर आए और इनके साथ तस्वीर ली।

महापौर संजू देवी राजपूत ने सफल आयोजन के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त कर मार्गदर्शन के लिए मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रति धन्यवाद दिया।






