दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ राज्य में एक सनसनीखेज घटनाक्रम में जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा में दिनदहाड़े डीएसपी (SDOP) पर चाकू से हमला कर दिया गया। कलेक्टर कार्यालय के पास शहर के एचडीएफसी बैंक के सामने बैंक से पैसा निकालकर बाहर निकलते समय यह हमला हुआ।
इस हमले में सुकमा जिले के जगरगुंडा में पदस्थ एसडीओपी तोमेश वर्मा घायल हो गए। उनके चेहरे के बांई तरफ चाकू से गहरी चोट आई है। हमले में घायल एसडीओपी तोमेश वर्मा को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसके पहले मौके पर मौजूद जवानों ने हमलावर को दबोचकर सड़क के डिवाइडर पर उसके हाथ बांध दिए।
👉🏻 प्रारम्भिक पड़ताल में यह पता चला
पुलिस की शुरुआती जांच में जो खुलासा हुआ है, वह चौंकाने वाला है। बताया जा रहा है कि आरोपी रविशंकर साहू (निवासी दुर्ग) सुकमा से ही एसडीओपी का पीछा कर रहा था। आरोपी ने मौका पाकर चाकू से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
वारदात के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी रविशंकर साहू को गिरफ्तार कर लिया है। वह रजनिशा वर्मा नामक एक महिला के साथ दंतेवाड़ा पहुंचा था। पुलिस ने महिला को भी हिरासत में लिया है।
छग में दिनदहाड़े SDOP पर चला चाकू,महिला सहित दो हिरासत में




