कोरबा। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का उड़नखटोला शनिवार को कोरबा जिले के सुदूर ग्राम लेमरू में उतरा, जहाँ उन्होंने लखपति दीदी श्रीमती मंजू यादव के निवास पहुँचकर आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री सहित वित्त मंत्री ओपी चैधरी, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने उनके घर के बाहर संचालित चाट-गुपचुप एवं मंचूरियन के ठेले पर पहुँचकर स्थानीय स्वाद का आनंद लिया और उनके आत्मनिर्भरता के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।
मुख्यमंत्री श्री साय के आगमन पर श्रीमती मंजू यादव ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री सीधे उनके ठेले तक पहुँचे, जहाँ उन्होंने तीखे-चटपटे गुपचुप का स्वाद लिया। पारंपरिक परसा के पत्तों से बने दोने में परोसे गए गुपचुप का आनंद लेते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने उनके परिश्रम, लगन और उद्यमशीलता की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री ने चर्चा के दौरान श्रीमती यादव से पूछा कि क्या गुपचुप घर में ही तैयार किए जाते हैं। इस पर उन्होंने बताया कि वे सभी सामग्री स्वयं घर पर तैयार करती हैं। मुख्यमंत्री ने उनके व्यवसाय और आय के संबंध में जानकारी ली, जिस पर श्रीमती यादव ने बताया कि ठेले के अतिरिक्त वे कैटरिंग प्लेट का कार्य भी करती हैं तथा प्रतिमाह लगभग 20 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर लेती हैं।
मुख्यमंत्री ने गुपचुप के स्वाद की सराहना करते हुए उनके परिवार और पति के सहयोग के बारे में भी जानकारी ली। श्रीमती यादव ने बताया कि उनके पति धनपत यादव भी व्यवसाय में कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करते हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रीमती मंजू यादव को उनके व्यवसाय के विस्तार एवं प्रोत्साहन हेतु 30 हजार रुपये का प्रोत्साहन चेक भी प्रदान किया।
👉🏻 धरम सिंह को नवनिर्मित्त आवास में कराया गृह प्रवेश
मुख्यमंत्री ने लेमरू में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राही धरम सिंह के नव निर्मित आवास का उद्घाटन कर गृह प्रवेश कराया। मुख्यमंत्री ने नव निर्मित आवास का अवलोकन कर परिवार को नए घर के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके सुखमय व समृद्ध जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने हितग्राही के परिवार से आत्मीय मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी और आवास निर्माण से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने परिवार की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए बच्चों को दुलारा एवं उन्हें बेहतर शिक्षा प्राप्त कर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हितग्राही के आवास को स्वच्छ ऊर्जा से जगमगाने हेतु पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर पैनल स्थापना हेतु डीएमएफ मद से हितग्राही अंशदान के रूप में 60 हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की।
प्रदेश के मुखिया को अपने बीच पाकर धरम सिंह का परिवार भावुक हो उठा। परिवार ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से मिले लाभों के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री के आगमन से पूरे गांव में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।






