कोरबा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में टेंडर को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप धारण कर लिया और बात तू-तू मैं-मैं से होते हुए एफआईआर तक पहुंच गई। भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री और क्षेत्र के भाजपा से ही जुड़े ठेकेदार ने एक-दूसरे के खिलाफ आखिरकार थाना में रिपोर्ट दर्ज करा ही दी। पुलिस द्वारा फिलहाल दोनों के विरुद्ध मामूली धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
प्रार्थी प्रदीप अग्रवाल पिता राधेश्याम अग्रवाल, निवासी बांकीमोंगरा एक ठेकेदार है। 18 मई 2026 को सतीश झा द्वारा उसे फोन किया गया। बातचीत के दौरान झा ने प्रदीप पर टेंडर वापस लेने हेतु अनुचित दबाव बनाया। जब टेंडर वापस लेने से मना किया, तब सतीश झा ने अत्यंत अभद्र एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। धमकी देते हुए कहा कि-अब मैं देखता हूँ कि तुम नगर पालिका में कैसे घुसते हो, तुम्हारा बिल कैसे बनता है, कोरबा जिले में तुम कैसे काम करते हो और तुम्हें टेंडर कैसे मिलता है। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। इतना ही नहीं,प्रदीप माता के लिए भी अत्यंत आपत्तिजनक एवं अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया, जबकि उसे यह पूर्ण रूप से ज्ञात है कि माता का निधन लगभग 27 वर्ष पूर्व हो चुका है। इस प्रकार की बातें सुनकर प्रदीप एवं उसके परिवार को गहरा मानसिक आघात पहुंचा है। आरोप है कि पिछले लगभग 1वर्ष से सतीश झा लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा तथा उसके कार्यो में बाधा उत्पन्न करने एवं दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है। उसकी लगातार धमकियों एवं व्यवहार के कारण अपनी एवं अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भय बना हुआ है। सतीश झा के विरुद्ध धारा 296, 351(3)-BNS के तहत जुर्म दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
👉🏻 सतीश ने लगाए गंभीर आरोप
इसके पहले सतीश झा पिता दिगम्बर झा निवासी घुड़देवा थाना बांकीमोंगरा ने प्रदीप के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराया। सतीश झा वर्तमान में भाजपा जिला मंत्री तथा पूर्व में बांकीमोंगरा मंडल अध्यक्ष भाजपा रह चुका है। घटना दिनांक 18 मई को शाम लगभग 07.42 बजे वह अपने मोबाईल से प्रदीप अग्रवाल के मोबाईल पर फोन कर नगर पालिका बांकीमोंगरा में टेंडर के संबंध में बातचीत कर रहा था तभी प्रदीप अग्रवाल के द्वारा टेंडर वापस लेने के ऐवज में 2 प्रतिशत कमीशन का मांग किया गया। सतीश द्वारा मना करने पर प्रदीप अग्रवाल अश्लील गाली-गलौच करने लगा और कहने लगा कि तेरे जैसा नेता को अपनी जेब में रखता हूँ, तेरी सारी राजनीति खत्म कर दूंगा, कहते हुये सभी बातों की रिकार्डिंग कर लिया और उसे ब्लैकमेल करने लगा तथा झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगा। सतीश का आरोप है कि प्रदीप अग्रवाल द्वारा किराना दुकान की आड़ में अपने ग्राहकों एवं अन्य लोगो को ब्याज में पैसा दिया जाता है और उसके ऐवज में उन लोगों का एटीएम और पासबुक अपने कब्जे में रख लेता है। प्रदीप अग्रवाल उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दे रहा है। उसके द्वारा किये गए गाली- गलौच, ब्लैकमेलिंग एवं जान से मारने की धमकी से मानसिक रूप से बहुत परेशान है। बांकी मोंगरा थाना में सतीश झा की रिपोर्ट पर प्रदीप अग्रवाल के विरुद्ध धारा 296, 351(3)-BNS के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।






