कोरबा। भाजपा नेता शिव बालक सिंह तोमर पर जानलेवा हमले,हत्या का प्रयास के मामले में मुख्य आरोपी जिला पंचायत सदस्य रज्ज़ाक अली पर जहां कानून ने अपना शिकंजा कसा है वहीं दूसरी तरफ उसके निर्माण पर निगम ने जेसीबी चलाया है।
जानकारी के मुताबिक सीतामढ़ी मुख्य मार्ग में रेत घाट के सामने उसके द्वारा दो मंजिला निर्माण कराया गया है। प्रथम तल पर निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और वहां कोई रह रहा था,ऊपर मंजिल में कार्य प्रारंभ है। निगम प्रशासन के द्वारा निर्माण संबंधी दस्तावेजों की छानबीन की गई जिसमें निर्माण अवैध पाया गया। इसके पश्चात वैधानिक कार्रवाई करते हुए आज सुबह इस स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती के साए में उक्त अवैध निर्माण को ढहाने की कार्रवाई शुरू की गई।
इसके पहले उक्त मकान में मौजूद सभी सामानों को बाहर निकाला गया। इस दौरान यहां बड़ी संख्या में आसपास के लोग भी कार्रवाई को देखने के लिए मौजूद हैं। लोगों में इस बात की चर्चा होती रही कि इतना बड़ा अवैध निर्माण हो गया और निगम को भनक नहीं लगी। यदि भाजपा नेता पर हमला नहीं किया होता तो रज्जाक अली के इस अवैध निर्माण का पता भी नहीं चलता।






