👉🏻 3 दशक के आपराधिक रिकार्ड की कुंडली तैयार
👉🏻 भाजपा नेता की हत्या का प्रयास मामले में 3 साथियों सहित जेल दाखिल
कोरबा। अविभाजित बिलासपुर जिले का हिस्सा रहे कोरबा से लेकर पृथक कोरबा जिला में करीब तीन दशक (30 साल) से अधिक समय से गंभीर अपराधों में संलिप्त रहने वाले आरोपी रज्जाक अली पर इस बार कानून का शिकंजा तगड़ा कस गया है।
इस बार उसकी हरकतों को काफी गंभीरता से लिया गया है और जिला बदर करने के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत भी सख्त कार्रवाई करने की तैयारी कर ली गई है। पुलिस प्रशासन के इस कार्रवाई की जिले भर में चर्चा है।
15 जून 2026 को भाजपा के पूर्व बालको मंडल अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर के साथ जिला जेल के निकट तीन साथियों के साथ मिलकर किए गए हमले और दोनों पैर तोड़ देने के मामले में सिविल लाइन रामपुर में अपराध क्रमांक 550/2026 धारा 296, 351(3), 109(1), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत आरोपी रज्जाक अली एवं उसके साथियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी रज्जाक अली द्वारा प्रकरण के गवाहों एवं संबंधित व्यक्तियों को लगातार धमकाया जा रहा था तथा बयान बदलने एवं न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा था। इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध पृथक से धारा 296, 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। उसे 3 हमलावर साथियों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
👉🏻 अनेक गंभीर अपराध दर्ज हैं
पुलिस ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि रज्जाक के विरुद्ध थाना कोतवाली, करतला, उरगा सहित जिले के विभिन्न थानों में विगत लगभग तीन दशकों से हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, बलवा, मारपीट, जान से मारने की धमकी, आगजनी, अवैध हथियार रखने, आर्म्स एक्ट, नारकोटिक्स एक्ट, लोक सेवक के कार्य में बाधा एवं संपत्ति संबंधी अपराध सहित अनेक गंभीर अपराध दर्ज हैं।
👉🏻 समाज में भय और आतंक
लगातार आपराधिक गतिविधियों, समाज में भय एवं आतंक का वातावरण निर्मित करने तथा लोक शांति व्यवस्था के लिए खतरा बनने वाली गतिविधियों को देखते हुए कोरबा पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध जिला बदर हेतु प्रतिवेदन तैयार कर जिलाधीश कार्यालय भेजा गया है। साथ ही उपलब्ध तथ्यों एवं आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि के आधार पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के अंतर्गत भी प्रभावी कार्रवाई हेतु प्रस्ताव तैयार किया गया है।
👉🏻पुलिस ने स्पष्ट किया
कोरबा पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।







