👉🏻उठा सवाल- भ्रष्ट अधिकारी प्रदेश में प्रमुख भूमिका में क्यों हैं?
👉🏻भ्रष्ट अधिकारियों के संपर्क और प्रभाव के आधार पर कार्रवाई से सरकार सवालों में
बिलासपुर। बिलासपुर जिले की अरपा भैन्साझार परियोजना में मुआवजा घोटाले में दोषी अधिकारियों को संरक्षण प्रदान करने से छत्तीसगढ़ सरकार की भ्रष्टाचार पर शून्य सहिष्णु नीति के व्यावहारिक क्रियान्वयन पर सवाल उठे हैं।
बिलासपुर जिले में वर्ष 2019 से 2023 के मध्य अरपा भैन्साझार परियोजना में हुए 26 करोड़ के घोटाले में पक्षपातपूर्ण कार्यवाही के आरोप हैं। इस परियोजना के अंतर्गत कुल 104 ग्राम में भू-अधिग्रहण की कार्यवाही की गयी। इस दौरान, परियोजना में कोटा एवं बिल्हा अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में 11 अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की पदस्थापना रही एवं इन अधिकारियों के द्वारा तत्समय अरपा भैन्साझार परियोजना में भू-अर्जन अधिकारी की भूमिका का निर्वहन किया। इन भू-अर्जन अधिकारियों की भूमिका इस घोटाले में संदिग्ध रही किन्तु, इस प्रकरण में मात्र एक तत्कालीन भू-अर्जन अधिकारी आनंद रूप तिवारी पर कार्यवाही करके विभाग ने स्वयं की छवि पर एक बड़ा प्रश्न चिन्ह लगा दिया है। आनंद रूप तिवारी द्वारा उक्त परियोजना के मात्र एक ग्राम (सकरी) की भूमि अधिग्रहण कार्यवाही में अवार्ड पारित किया गया जो अपने पूर्ववर्ती अधिकारियों के प्रतिवेदन एवं अभिलेखों के आधार पर पारित किया, जिसके दस्तावेज़ विभाग में पूर्व से ही उपलब्ध हैं एवं आवश्यकता पर इनका अवलोकन किया जा सकता है। आनंद रूप तिवारी, तत्कालीन भू-अर्जन अधिकारी को सर्वाधिक कम दोषी होने के बावजूद निलंबित कर दिया गया और आज तक कार्यवाही से पीड़ित हैं।
👉🏻 इन पर लगे हैं मुआवजा घोटाले के आरोप,कथनी-करनी में अंतर

तालिका से स्पष्ट है कि, यदि नियम विरुद्ध अवार्ड पारित किये जाने के खसरों की संख्या को देखें तो सर्वाधिक नियम विरुद्ध अवार्ड पारित किये जाने वाले कुछ प्रमुख अधिकारी आज प्रदेश में प्रमुख पदों पर आसीन हैं। विशेषकर – इसमें अखिलेश साहू, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी, गृह मंत्री छत्तीसगढ़ शासन, देवेश कुमार ध्रुव, कलेक्टर, दंतेवाड़ा, कीर्तिमान सिंह राठौर, अपर कलेक्टर, रायपुर।
ये नाम छत्तीसगढ़ प्रदेश में भ्रष्टाचार के विरुद्ध शून्य सहिष्णु नीति के व्यावहारिक क्रियान्वयन को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कर रहे हैं. अरपा भैन्साझार परियोजना में कारित भ्रष्टाचार और उसके दोषी अधिकारियों का उन्मुक्त प्रशासनिक वातावरण में कार्य करना भ्रष्टाचार की नीति के कथनी और करनी के अंतर को स्पष्ट कर रहा है।
🫵🏻 ऐसे में उठते हैं कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न हैं:-
👉🏻भ्रष्टाचार के विरुद्ध शून्य सहिष्णु नीति व्यावहारिक क्रियान्वयन हेतु है अथवा सैद्धांतिक कथन हेतु?
👉🏻यदि यह व्यावहारिक क्रियान्वयन हेतु है, तो प्रदेश के तमाम दोषी भ्रष्ट अधिकारी आज भी प्रभावी पदों पर दायित्वाधीन क्यों हैं? क्या इनकी जांच पूर्ण होने अथवा अंतिम निष्कर्ष पर पहुँचने तक अन्यत्र कम महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान नहीं किये जा सकते थे?
👉🏻शासन का क्या ये मानना है कि, यदि इन भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्यवाही हो गयी तो प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था काम कैसे करेगी?
यदि ये तर्क सही हैं तो क्या यह तथ्य इस बात को स्पष्ट नहीं करता कि, प्रदेश में तमाम पदों पर भ्रष्ट अधिकारी बैठकर, प्रशासनिक कार्य का संचालन कर रहे हैं और ऐसे अधिकारी अपने पदों पर बैठकर क्या करेंगे, इसे लिखने की आवश्यकता नहीं। एक प्रकार से क्या प्रदेश सरकार का यह निर्णय, भ्रष्टाचार को संरक्षण देने के लिए रक्षा-कवच के रूप में काम कर रहा है?
🫵🏻 शेष भ्रष्ट अधिकारी वैधानिक कार्यवाही से बाहर क्यों ?
यदि शासन का ये मानना है कि, इन ढाई साल के कार्यकाल में सर्वाधिक भ्रष्ट अधिकारी जेल में हैं तो फिर प्रति-प्रश्न यह उत्पन्न होता है कि, शेष भ्रष्ट अधिकारी वैधानिक कार्यवाही से बाहर क्यों हैं? क्या इन भ्रष्ट अधिकारी को किसी अन्य विशेष क़ानून के दायरे में दोष मुक्त रखा गया है? यदि नहीं तो क्या यह स्पष्ट नहीं होता है कि, प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार की नीति भेद-भाव आधारित नीति है और भ्रष्टाचार की यह शून्य सहिष्णु नीति स्वयं अनियमितता एवं भ्रष्टाचार से ग्रसित है?
आरोप है कि ये प्रमुख प्रश्न आज आपकी स्वच्छ छवि और मुख्यमंत्री सचिवालय और अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर बैठे दायित्वाधीन अधिकारियों की नीयत पर प्रश्न उठा रहे हैं. यदि सरकार की भ्रष्टाचार पर शून्य सहिष्णु नीति है तो भ्रष्ट अधिकारी प्रदेश में प्रमुख भूमिका में क्यों हैं? 👉🏻 अन्य 10 अधिकारियों पर हो कार्रवाई
मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया है कि अरपा भैन्साझार परियोजना के अनुक्रम में इन अन्य 10 अधिकारियों पर कार्रवाई का प्रहार होना चाहिए और ऐसे दोषी अधिकारियों को उनके महत्वपूर्ण दायित्व से मुक्त करते हुए, उन पर निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच संस्थित होनी चाहिए। फलस्वरूप मुख्यमंत्री सचिवालय से लेकर प्रदेश के अन्य विभाग तक इसका प्रभाव आम-जनता के हित में स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो सकेगा।
👉🏻छवि पर नकारात्मक प्रभाव डालते ऐसे मामले
प्रतीक पांडेय, प्रदेश महामंत्री अखिल भारतीय जनसंघ, रायपुर द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का ध्यानाकर्षण कराते हुए कहा गया है कि, मुख्यमंत्री ने समय-समय पर भ्रष्टाचार के सबंध में शून्य सहिष्णु नीति के पालन की बात कही है। शासन-प्रशासन में पदस्थ समस्त पदाधिकारियों एवं दायित्वाधीन व्यक्ति द्वारा इस संकल्प का पालन करना वैधानिक दायित्व है. किन्तु, समय-समय पर परिलक्षित हुआ है कि, भ्रष्टाचार के विभिन्न प्रकरणों में कार्यवाही, भ्रष्ट अधिकारी के संपर्क और प्रभाव के आधार पर होती है फलस्वरूप मुख्यमंत्री की छवि पर नकारात्मक प्रभाव होता है।
👉🏻 मुख्यमंत्री से यह उम्मीद
प्रतीक पांडेय ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिख कर उम्मीद जाहिर की है कि सरकार की भ्रष्टाचार की शून्य सहिष्णु नीति राजस्व विभाग के इन दोषी अधिकारियों पर भी स्पष्ट रूप से लागू होगी और इसके परिणाम शीघ्रातिशीघ्र नज़र आयेंगे।






