👉🏻 लगातार बारिश के कारण पुराने व कच्चे घरों पर खतरा
कोरबा। इन दिनों रुक-रुक कर किंतु लगातार हो रही मद्धम व तेज बारिश के कारण पुराने जर्जर और कच्चे घरों पर खतरा मंडराने लगा है। आज दोपहर ग्रामीण अंचल में एक मिट्टी के मकान का एक हिस्सा गिर जाने के कारण काम कर रही महिला मलबे में दब कर गंभीर रूप से चोटिल हो गई है तो दूसरी तरफ देर शाम कोरबा शहर के पुरानी बस्ती में पुराने बैंक के भवन का कुछ हिस्सा भरभरा कर गिर पड़ा।
पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 5, देवांगन पारा में पुराना को-ऑपरेटिव बैंक का भवन स्थित है। यह भवन काफी जर्जर हो चुका है। वर्षों पहले यहां से बैंक का स्थानांतरण हो जाने के बाद से यह भवन बंद है। यह भवन काफी जर्जर होने से आसपास के लोग लगातार इससे खतरा बताते रहे हैं। यह खतरा मंगलवार रात करीब 9 बजे सही साबित हुआ।

बताया जा रहा है कि यहां सड़क के किनारे अमन कोहली की कार हर दिन की तरह खड़ी थी। चूंकि यह आबादी क्षेत्र है और लोगों का आना-जाना भी लगा रहता है। रात करीब 9 बजे एकाएक जर्जर भवन का छज्जा तेज आवाज के साथ गिर पड़ा और मलबे ने यहां खड़ी अमन कोहली की कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस वक्त कुछ लोग यहां से आगे गुजरे ही थे कि तेज धमाके की आवाज सुनाई पड़ी तो वे चौंक पड़े। जब नजर घुमा कर देखा तो जर्जर भवन का एक हिस्सा गिर चुका था। इसी के साथ ही भीतर की ओर भी मलबा गिरने की आवाज़ लोगों ने सुनी। ऐसा अंदाजा लगाया जा रहा है कि भवन का बाहरी छज्जा गिरने के साथ-साथ भीतर का भी हिस्सा गिरा हुआ है। इसके करीब एक घण्टे बाद फिर से कुछ हिस्सा गिरा, और कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
बता दें कि इस पुराना को-ऑपरेटिव बैंक भवन के बगल में भी एक मकान स्थित है जो काफी जर्जर हालत में है। यहां के निवासियों ने इन दोनों भवनों से खतरा बताते हुए संबंधित लोगों से उक्त मकान को समय रहते तुड़वाने की भी बात रखी लेकिन इस पर कोई निर्णय नहीं लिया जा सका। चूंकि भवन निजी है, इसलिए इसका निर्णय मालिक को ही लेना है। पुराना बैंक का जर्जर भवन गिर जाने के बाद माना जा रहा है कि दोनों जर्जर भवन को गिरवाने का निर्णय संबंधित पक्ष ले सकता है। बहरहाल, आज रात हुई घटना के बाद से इस रास्ते से आने-जाने वाले लोगों में भय उत्पन्न हो गया है। कार के मालिक अमन कोहली को नुकसान के भरपाई की चिंता है।





