👉🏻शिकायतों की जांच पूरी होने तक प्रशासन ने लगाई रोक
👉🏻भूमि संबंधी शिकायतों के चलते जारी हुआ आदेश
सक्ती। मैसर्स छत्तीसगढ़ रिसोर्सेस (प्रो. श्री संजय छापरिया अग्रवाल) द्वारा ग्राम झालरोंदा, तहसील भोथिया, जिला सक्ती में प्रस्तावित डोलोमाइट (गौण खनिज) खदान परियोजना की पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए 17 जून को आयोजित होने वाली जनसुनवाई को जिला प्रशासन ने स्थगित कर दिया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सक्ती द्वारा जारी आदेश में शिकायतों की जांच लंबित होने का हवाला देते हुए आगामी आदेश तक लोक सुनवाई पर रोक लगा दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार 9.589 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रतिवर्ष 3 लाख 500 टन डोलोमाइट उत्खनन क्षमता वाली परियोजना के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति हेतु जनसुनवाई 17 जून 2026 को ग्राम झालरोंदा के धान खरीदी केंद्र में आयोजित की जानी थी। इसी बीच परियोजना भूमि को लेकर कई शिकायतें जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत की गईं।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि परियोजना क्षेत्र में शामिल कुछ खसरा नंबर राजस्व अभिलेख वर्ष 1954-55 के अनुसार शासकीय भूमि, जंगल, पानी के नीचे की भूमि तथा आबादी मद की भूमि हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि इन जमीनों को निजी भूमि के रूप में दर्शाकर खनन स्वीकृति प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं ने मामले की जांच कर पर्यावरणीय स्वीकृति प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की थी।
कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि परियोजना से संबंधित शिकायतों के संबंध में कंपनी की ओर से जवाब प्रस्तुत किया गया है, लेकिन शिकायतों की जांच अभी प्रक्रियाधीन है। प्रारंभिक जांच में भी बड़े झाड़ के जंगल और पानी के नीचे दर्ज भूमि से जुड़े तथ्यों की जांच आवश्यक पाई गई है।
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए कलेक्टर ने 17 जून को प्रस्तावित लोक सुनवाई को आगामी आदेश तक स्थगित करने के निर्देश जारी किए हैं। आदेश की प्रतिलिपि छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, जिला खनिज अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सहित संबंधित विभागों को भी भेजी गई है।
परियोजना को लेकर अब प्रशासनिक जांच के निष्कर्षों पर सभी की नजरें टिकी हैं। जांच पूरी होने के बाद ही जनसुनवाई की नई तिथि और आगे की प्रक्रिया पर निर्णय लिया जाएगा।







