0 डिपो से निकलने वाले टैंकरों से डीजल-पेट्रोल कटिंग की शिकायतें आती रही हैं सामने
कोरबा-दर्री। गोपालपुर स्थित इंडियन ऑयल (आईओसीएल) डिपो में शुक्रवार को अलग-अलग समय पर दो लोगों के साथ हुई मारपीट की घटनाओं ने डिपो की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक मामले में पेट्रोल पंप संचालक और दूसरे में पेट्रोल पंप कर्मचारी से मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। दोनों घटनाओं में पुलिस ने अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रायगढ़ जिले के घरघोड़ा निवासी एवं गोमती फ्यूल्स के संचालक खीरूराम राय ने आरोप लगाया है कि अपने पेट्रोल पंप के लिए डीजल-पेट्रोल लेने गोपालपुर डिपो पहुंचे थे। इसी दौरान संजय कुर्रे नामक व्यक्ति ने गाली-गलौज करते हुए डंडे से हमला कर दिया और दोबारा डिपो आने पर जान से मारने की धमकी दी। भयभीत होकर वह अपने टैंकर की ओर चले गए, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया और टैंकर को ठोकने लगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
दूसरे मामले में कोरबा जिले के कथरीमाल निवासी एवं आरन फ्यूल्स, बालौदा के कर्मचारी टंकेश्वर राजवाड़े ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि डिपो परिसर में टैंकर लेने पहुंचे थे, तभी तीन अज्ञात लोगों ने पूछताछ के बाद हाथ-मुक्कों से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। घटना में उनके गले और पीठ पर चोटें आई हैं। पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भी अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
👉🏻घटनाओं से गंभीर सवाल
इन दोनों घटनाओं ने इसलिए भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं क्योंकि गोपालपुर डिपो से निकलने वाले टैंकरों में डीजल-पेट्रोल की कथित कटिंग और अनियमितताओं की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे में एक ही दिन पेट्रोल पंप संचालक और कर्मचारी के साथ मारपीट की घटनाओं के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या डिपो में लंबे समय से चर्चित कथित कटिंग के खेल से इन घटनाओं का कोई संबंध है, या फिर ईमानदारी से टैंकर लेने पहुंचे लोगों की मौजूदगी कुछ लोगों को नागवार गुजरी।
हालांकि, इन आशंकाओं की फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही मारपीट की वास्तविक वजह और इसके पीछे की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।






