रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार देर शाम सनसनीखेज लूट की वारदात ने हड़कंप मचा दी। बाइक सवार बदमाश सराफा कर्मचारी पर तलवार से जानलेवा हमला कर करीब 1 करोड़ रुपए के जेवरात लूटकर फरार हो गए। पुलिस की टीम ने नाकाबंदी कर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के मुताबिक लूट की यह वारदात खरोरा थाना क्षेत्र में हुई। महावीर ज्वैलर्स के मैनेजर टीकाराम शर्मा ब्रांच से जेवरात लेकर वापस लौट रहे थे। शाम करीब 7 बजे अचानक आए आंधी-तूफान और बारिश के चलते वे तिल्दाडीह मोड़ के पास रुक गए थे। जैसे ही मौसम शांत हुआ और वे आगे बढ़ने लगे, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने टीकाराम शर्मा के सिर पर तलवार से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। हमले के बाद आरोपी जेवर से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घायल अवस्था में पीड़ित ने घटना की सूचना संचालक को दी। इधर,हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बुरी तरह जख्मी टीकाराम शर्मा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। खरोरा थाना की टीम सहित एसीसीयू टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आरोपियों की धर पकड़ के लिये इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में लूट की यह वारदात पूरी तरह सुनियोजित लग रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।






