दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल होने के बाद एसएसपी विजय अग्रवाल ने दो सब इंस्पेक्टरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कार्रवाई की जद में आए अधिकारियों में भिलाई थाने में पदस्थ उप निरीक्षक तुलसीराम साहू और खुर्सीपार थाने में तैनात उप निरीक्षक देव लाल साहू शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में आरोपी पक्ष को छोड़ने के एवज में पैसों की मांग किए जाने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। ऑडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी विजय अग्रवाल ने दोनों अधिकारियों को सस्पेंड कर रक्षित केंद्र दुर्ग अटैच कर दिया।
जारी आदेश में कहा गया है कि वायरल ऑडियो में दोनों उप निरीक्षकों का आचरण विभागीय मर्यादा और पुलिस सेवा के अनुरूप नहीं पाया गया। इसलिए तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों अधिकारियों का मुख्यालय रक्षित केंद्र दुर्ग रहेगा और उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। पूरे मामले की जांच नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा को सौंपी गई है। एसएसपी ने तीन दिनों के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में साफ संदेश गया है कि भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
CG:आरोपियों को छोड़ने रिश्वत मांगा,2 SI सस्पेन्ड किए गए






