👉🏻 रेंजर की रिपोर्ट पर जुर्म दर्ज, अभनपुर के मिल से बरामद हुई लकड़ियां
कोरबा। जिसे पेड़ों की कटाई का जिम्मा सौंपा गया, उसके द्वारा पेड़ों को कटवाने के बाद उसे चोरी-चोरी कोरबा जिले से बाहर भिजवा दिया गया। जब इसका पता चला तो वन अधिकारियों के होश उड़ गए। आनन-फ़ानन में इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई और पूछताछ के आधार पर राजधानी रायपुर के अभनपुर के एक मिल में दबिश देकर इन लकड़ियों को बरामद किया गया।
प्रार्थिया विक्रांता सिंह कंवर पिता परदेशी कंवर, हाल पता फारेस्ट कालोनी कोरबा बतौर परिक्षेत्र अधिकारी कुदमुरा (उत्पादन)में पदस्थ है। 14 जुलाई 2026 को शाम 4.35 बजे तारामणी तिग्गा (कार्यपालन अभियंता) द्वारा उन्हें सूचना दिया गया कि एक गाड़ी सात नग काटे गये पेड़ों के लट्ठों की भराई कर रही थी। मौका पर जाकर देखने पर गाड़ी नहीं मिला। बिना अनुमति के राजस्व क्षेत्र से वनोपज को चोरी कर अभनपुर भिजवाने का पता चला।
परिक्षेत्र अधिकारी कुदमुरा (उत्पादन) ने बताया कि सीएसईबी कालोनी रामपुर में राजस्व क्षेत्र में खड़े वृक्षों (207 नग) की कटाई का अनुविभागीय अधिकारी (रा.) कोरबा के द्वारा अनुमति उपरांत किया जा रहा था। 29 जून 2026 को जूनियर क्लब सीएसईबी कालोनी के पास में 7 पेड़ की कटाई किया गया था, शेष पेड़ की कटाई के लिये सुनील कुमार गुप्ता को लेबर वेंडर नियोजित किया गया था। इसी कड़ी में 14 जुलाई को तारामणी तिग्गा कार्यपालन अभियंता द्वारा सूचना दिया गया कि एक गाड़ी में इन सातों पेड़ के लट्ठों की भराई हो रही है। विक्रान्ता ने जब मौका पर जाकर देखा तो गाड़ी नहीं मिली। सुनील कुमार गुप्ता से पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया मैने लकड़ी को अपने वाहन से अभनपुर भेज दिया है।
इस प्रकार बिना अनुमति के राजस्व क्षेत्र जूनियर क्लब सीएसईबी कालोनी के पास से वनोपज को हटाया जाना, चोरी किया जाना गंभीर प्रकृति का अपराध है। चोरी के इस मामले में सुनील कुमार गुप्ता पिता के.आर. गुप्ता निवासी पुराना बस स्टैण्ड कोरबा के विरूद्ध सिविल लाइन पुलिस ने विक्रांता सिंह कंवर की रिपोर्ट पर धारा 303(2)-BNS के तहत जुर्म दर्ज किया।
👉🏻 अभनपुर में दबिश,लकड़ी मिल सील
इधर, जांच की कड़ी में अभनपुर (रायपुर) स्थित एक आरा मिल को सील करने की बड़ी कार्रवाई की गई है। सरकारी प्रावधानों के मुताबिक, कटाई के बाद प्राप्त होने वाली पूरी लकड़ी को वन विभाग के निर्धारित डिपो में जमा कराया जाना अनिवार्य था, ताकि उसका विधिवत रिकॉर्ड रखा जा सके।
परंतु, पेड़ों की कटाई करने वाले कोरबा निवासी आरोपी सुनील गुप्ता ने नियमों को ताक पर रख दिया। उसने लकड़ी को सरकारी डिपो में जमा करने के बजाय, चुपके से रायपुर के अभनपुर स्थित एक आरा मिल में भिजवा दिया व इसकी स्वीकारोक्ति भी की।







