बिलासपुर। अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस (12833) में किन्नरों द्वारा किए गए हंगामे, यात्रियों से मारपीट और पुलिसकर्मियों से अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में जीआरपी थाना बिलासपुर में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
रेलवे पुलिस के अनुसार बालोद जिले के आमापारा निवासी पुष्पेन्द्र कुमार मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई है कि 18 जुलाई 2026 को बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-2 पर अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस में कुछ किन्नरों ने यात्रियों के साथ अभद्रता और मारपीट की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
एफआईआर में यह भी उल्लेख है कि हंगामे के दौरान जीआरपी और आरपीएफ के पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया गया। शिकायत में आरपीएफ के एसआई एस.के. मरावी के घटना के प्रत्यक्षदर्शी होने का भी जिक्र किया गया है। शिकायतकर्ता ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग करते हुए कहा है कि घटना के कारण ट्रेन करीब 30 मिनट तक विलंबित रही।
जीआरपी थाना बिलासपुर ने शिकायत के आधार पर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद एक बार फिर ट्रेनों में किन्नरों द्वारा जबरन वसूली, अभद्र व्यवहार और यात्रियों को परेशान किए जाने का मुद्दा चर्चा में आ गया है। नियमित रेल यात्रियों का कहना है कि कई ट्रेनों में इस तरह की घटनाएं आम होती जा रही हैं, जिससे यात्रियों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को असुविधा और भय का सामना करना पड़ता है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों से ट्रेनों में प्रभावी निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
किन्नरों का हंगामा,आधा घंटे लेट छूटी ट्रेन, विरोध करने वाले यात्री-पुलिसकर्मी को पीटा, जीआरपी में मामला दर्ज







