👉🏻 जुआरियों ने कैमरे के सामने बयां की धरपकड़ की हकीकत
कोरबा। 10 दिन पहले 19 दिसम्बर 2025 को साइबर सेल, उरगा और रजगामार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जुए की धर पकड़ की गई थी,वह सवालों के घेरे में चल रही है। इस कड़ी में एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेलवाटार में जुआ पकड़े जाने पर कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन की कार्यवाही पर तो नहीं किंतु पकड़े गए जुआ को लेकर सवालों का दौर चल पड़ा है। यह बात सामने आई कि रजगामार पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम चाकामार के जंगल में जुए के फड़ पर कार्रवाई की गई। जिसमें कुछ संख्या में ही जुआड़ी मौजूद थे। बाद में यह जुआ निकट भेलवाटार के जंगल में शिफ्ट किया गया और दूसरे क्षेत्र के जुआरियों को बुलाकर संख्या और जुआ के रकम को बड़ा बताया गया।
इस बीच पकड़े गए जुआरियों में आरोपी के तौर पर शामिल दो लोगों ने कैमरे के सामने बयान जारी कर बताया कि वह चाकामार के जंगल में जुआ खेलने पहुंचे थे और वहां पर पहुंची साइबर की टीम ने कार्रवाई की।
यह मामला पुलिस महकमा में काफी चर्चा का विषय बने रहने के साथ ही संयुक्त टीम की कार्रवाई पर सवाल उठाने वाला भी बना रहा। आखिरकार कप्तान ने इस मामले में 10 दिन के बाद टीआई कृष्ण कुमार वर्मा का निलंबन वापस लेते हुए उन्हें बहाल कर दिया है।
हालांकि निलंबन अवधि और मामले से जुड़ी जांच जारी रखी गई है।निलंबन वापस होने से टीआई वर्मा को राहत मिली है लेकिन जुआ की धरपकड़ की कार्रवाई पर सवाल अब भी बना हुआ है।







